वाह रे चोर..चुरा ले गए गुलाब जामुन, MP में डेढ़ सौ रसगुल्ले और चिल्लर गायब देख होटल वाला हुआ बेहोश
एमपी में अजब गजब चोरी का मामला सामने आया है। नर्मदापुरम जिले में चोरों को कुछ नहीं मिला तो होटल से गुलाब जामुन ही चुरा ले गए। पहले ATM और कई दुकानों में चोरी का प्रयास किया। पुलिस अब गुलाब जामुन चोरों की तलाश कर रही हैं।

Thieves stealing Gulab Jamun: दुनिया में एक से बढ़कर एक एक चोर है। एक ढूंढो दस मिलेंगे। अलग किस्म की चोरी का एक ऐसा ही किस्सा मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सामने सामने आया है। ATM में वारदात नहीं कर पाए तो आसपास की कुछ दुकानों में धावा बोला। लेकिन वहां भी हाथ खाली रहे तो पड़ोस की होटल में घुसे। खूब दौलत चुराने के इरादे से पहुंचे चोरों को यहां गुलाब जामुन और चिल्लर ही मिली। तो वही ले उड़े। अब पुलिस भी 'गुलाब जामुन' चोरों को पकड़ने में परेशान में हैं।

नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी में वारदात
रात को ठंड का असर बढ़ते ही चोरी की वारदातों में भी इजाफा हो गया है। सुनसान इलाकों के घर-दुकान चोरों के निशाने पर हैं। एमपी के नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी में भी वारदात हुई। यहां की वारदात अन्य घटनाओं से थोड़ा अलग है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। बनखेड़ी कोई बड़ा शहर नहीं है, बल्कि एक छोटा सा क़स्बा है। जहां डीसीबी बैंक का ATM तब शाम ढलने के बाद ताले में बंद हो जाता है। शातिर चोरों के निशाने पर यही ATM था। रात को शटर का ताला तोड़कर यहां चोर घुसे लेकिन मशीन तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए।

पड़ोस की दुकानों में भी यही रहा हाल
ATM से खाली हाथ रहने पर उसके नजदीक की दो दुकानों के भी ताले तोड़े गए। जहां न कैश था और न ही चिल्लर। कपड़े और दवाई की दुकान में भी चोरों को उनके काम की ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिसे चुरा ले जाए। वारदात के पहले आरोपियों ने दुकान के बाहर और अंदर लगे CCTV कैमरे मोड़ दिए थे। ताकि उनकी करतूत कैमरों में कैद न सकें।

होटल में बोला धावा, संचालक रह गया दंग
ATM उसके बाद दो दुकानों में चोरों को जब कुछ चुराने नहीं मिला तो बनखेड़ी की एक होटल में धावा बोला। यहां कैश काउंटर में ताला लगा हुआ था। जब ताला तोड़ा तो काउंटर के गल्ले में डेढ़ दो सौ रुपए की चिल्लर ही मिली। वारदात के अगले दिन होटल खोलने पहुंचा संचालक ताले टूटे देख दंग रह गया। अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। कैश काउंटर पर गुलाब जामुन से भरा तसला रखा था, उसे गायब देख होटल वाला बेहोश हो गया। फिर थोड़ी देर बाद उसे होश आया।

कुछ नहीं मिला तो फिर ‘गुलाब जामुन’ ही चुरा लिए
पुलिस को बुलाया गया तो पता चला कि कैश काउंटर में डेढ़ दो सौ रुपए की चिल्लर थी, वह गायब है। साथ ही होटल के अंदर रखा नमकीन भी बिखरा हुआ था। संचालक ने यहां तसले में रखे सौ से ज्यादा गुलाब जामुन चोरी होनी की भी शिकायत की। तसले में शक्कर का सीरा ही बचा था, गुलाब जामुन गायब थे। इसके अलावा होटल में रखी दूसरी किसी मिठाई को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया।

गुलाब जामुन चोरों को पकड़ने जुटी पुलिस
एक ही रात ATM, होटल समेत दुकानों के ताले तोड़ने वाले शातिर चोरों के इस मामले ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं। बनखेड़ी थाना प्रभारी श्रीनाथ झरबड़े के मुताबिक वारदात वाले इलाके में पुलिस गश्त करती है। घटना वाली रात भी पेट्रोलिंग पार्टी ने गश्त की थी। जिस ढंग से कुछ जगहों पर चोरी का प्रयास और होटल में चिल्लर के साथ गुलाब जामुन चोरी हुए है, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर नशा पत्ती करने वाले हो सकते है। टीआई का कहना है कि चोरों का पता लगाने एक अलग टीम बनाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications