आयुक्त-SP बाढ़ का पानी उलीच रहे, राहत अमला वीडियो बना रहे, क्योंकि चुनाव है साहब
सागर, 05 जुलाई। मानसून के साथ ही सागर में आफत बनकर बादल बरस रहे हैं, ऐसे में शहर की निचली और मलिन बस्तियों में बाढ जैसे हालात बन जाते हैं। घरों में दो-दो फीट पानी भर जाता है। बीते रोज स्मार्ट सिटी और निगम सहित प्रशासन की किरकिरी के बाद नगर निगम आयुक्त और पुलिस अधीक्षक इलाके में राहत कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे, एक घर के अंदर पानी भरा होने और परिजन को परेशान देख वे दोनों खुद बाल्टी और टब लेकर पानी उलीचने लगे, इधर उनके मातहत साहब का पानी उलीचने वाला वीडियो बनाते रहे।

निगम आयुक्त चंद्रशेखर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक तरुण नायक का गरीब के घर में पानी उलीचने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद इन अधिकारियों की तारीफ के बजाय सोशल मीडिया पर जमकर किरकिरी भी हो रही है। लोग कह रहे हैं कि निगम के चुनाव है, लोग आक्रोशित न हो, चुनावी माहौल खराब न हो इस कारण अधिकारी खुद की छवि चमकाने, पब्लिक फ्रेंडली दिखाने नौटंकी कर रहे हैं। निगम के पास पूरा बाढ राहत का अमला रहता है, बावजूद इसके उनको खुद पानी निकालने की नौटंकी करने की क्या जरुरत पडी।

स्मार्ट सिटी की गलत प्लानिंग और ठेकेदारों की गलती का खामियाजा
सागर में स्मार्ट सिटी के काम शहर के हर कोने में चल रहे हैं, इसमें जगह-जगह सडकें खुदी पडी हैं, निगम के सीवर, 24 घंटे वाटर प्रोजेक्ट, स्मार्ट रोड, तालाब के नालों का काम चल रहा है। अधिकारियों की अनदेखी और ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा सागर भुगत रहा है।
चुनाव में कांग्रेस ने बनाया था मुद्दा
नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी और महापौर प्रत्याशी निधि सुनील जैन ने शहर की इस दुर्दशा को लेकर कांग्रेस ने लगभग रोज ही प्रमुखता से मुद्दा उठाया है। गली गली की दुर्दशा की एक-एक फोटो प्रत्याशियों के साथ शेयर की है।












Click it and Unblock the Notifications