3 साल के बच्चे के सिर में घुसी स्टैंड फैन की पंखुड़ी, 155 KM के सफर के बाद ऑपरेशन से निकली
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में तीन साल के मासूम बच्चे के सिर में टेबल फैन की पंखुड़ी घुसने का मामला सामने आया है। बच्चे की जान पर बन आई तो परिजन उसे सिर में पंखुड़ी घुसे ही 155 किलोमीटर दूर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन के बाद बच्चे के सिर में फंसी पंखुड़ी को निकाला।

खंडवा के देवला निवासी प्रेमलाल पटेल ने बताया कि उनका पोता अक्षय अतर में अपने ननिहाल गया हुआ था। गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे उसकी मां उसे दवा पिला रही थी। दवा कड़वी होने के कारण वह मां की गोद से भाग गया। इसी दौरान वह चलते हुए फैन पर जा गिरा। फैन पर जाली नहीं होने से पंखुड़ी उसके सिर में घुसकर टूट गई।
परिजन उसे असर से तुरंत खंडवा जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया, मगर पंखुड़ी नहीं निकाल सके और उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल में रैफर कर दिया। सिर में घुसी पंखुड़ी के साथ ही करीब 155 किमी का सफर तय कर परिजन उसे इंदौर ले गए। एमवाय हॉस्पिटल से बालक को निजी हॉस्पिटल रैफर कर दिया। यहां रात साढ़े नौ बजे उसका ऑपरेशन हुआ, जिससे पंखुड़ी निकाली जा सकी।












Click it and Unblock the Notifications