Smart meterm News: MP में स्मार्ट मीटर लगने से कैसे मिल रही है बिजली के बिलों में छूट, जानिए इसके फायदे
MP News: मध्य प्रदेश में बिजली की बिलिंग प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए केंद्र सरकार की रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट मीटर की स्थापना को त्वरित गति से लागू किया है।
इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं, सटीक बिलिंग और ऊर्जा दक्षता में सुधार प्रदान करना है। हालांकि कही कही इसमें खामिया भी दिखाई दी है।

अब तक राज्यभर में 76,277 स्मार्ट मीटर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें से भोपाल शहर व क्षेत्र में 66,943 मीटर, भोपाल ग्रामीण में 6,745 मीटर, ग्वालियर शहर में 97 मीटर, ग्वालियर ग्रामीण में 559 मीटर, नर्मदापुरम और चंबल संभाग में भी अन्य जिलों में स्मार्ट मीटर की स्थापना की गई है। इन मीटरों की मदद से उपभोक्ताओं को समय पर बिलिंग, सटीक रीडिंग और बिल के संबंध में पारदर्शिता का लाभ मिल रहा है।
सटीक और समय पर बिलिंग
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को रियल टाइम डेटा प्रदान करते हैं, जिससे बिलिंग प्रक्रिया अत्यधिक सटीक और समय पर होती है। इससे उपभोक्ताओं को अधिक या कम बिल आने की समस्या का समाधान हुआ है।
रीडिंग में पारदर्शिता
अब मीटर रीडिंग में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न के बराबर है। स्मार्ट मीटर द्वारा ऑटोमेटेड रीडिंग के कारण उपभोक्ताओं को हर बार अपने मीटर की रीडिंग के लिए किसी कर्मचारी का इंतजार नहीं करना पड़ता।
उर्जा दक्षता में सुधार
स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनकी ऊर्जा खपत के बारे में रियल टाइम जानकारी मिलती है, जिससे वे अपनी ऊर्जा खपत को नियंत्रित कर सकते हैं। इससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
सुविधाजनक और तेज सेवाएं: स्मार्ट मीटरों के उपयोग से बिलिंग प्रक्रिया और स्वीकृति प्रक्रिया सरल और तेज हो गई है। इससे उपभोक्ताओं को लंबी प्रक्रियाओं से गुजरने की आवश्यकता नहीं है।
स्मार्ट मीटर के फायदे
सिक्योरिटी मनी से छूट: स्मार्ट मीटर के लागू होने से उपभोक्ताओं को सिक्योरिटी मनी से छूट मिलेगी, साथ ही पहले से जमा की गई सिक्योरिटी मनी से पहला रिचार्ज भी किया जाएगा।
बिजली बिल में छूट
स्मार्ट मीटर के तहत उपभोक्ताओं को घरेलू और गैर-घरेलू (व्यावसायिक) बिलों पर 25 पैसे प्रति यूनिट की छूट मिल रही है। इसके अतिरिक्त, ऊर्जा-प्रभार और अन्य संबंधित प्रभारों की घटी विद्युत दर से भी गणना की जाएगी।
रिचार्ज पर छूट
हर भुगतान पर 0-5 प्रतिशत (न्यूनतम 5 रुपये) की छूट दी जा रही है। घरेलू श्रेणी में छूट की कोई अधिकतम सीमा नहीं होगी, जबकि अन्य श्रेणियों में यह सीमा 20 रुपये तक होगी।
बैलेंस खत्म होने के बाद भी रिचार्ज की सुविधा: स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म होने के बाद भी उपभोक्ता को अगले 3 दिन तक बगैर इलेक्ट्रिकल डिस्कनेक्शन के रिचार्ज करने की सुविधा दी जा रही है।
मध्य प्रदेश में स्मार्ट मीटर की स्थापना से न केवल बिजली के बिलों में कमी आई है, बल्कि उपभोक्ताओं को सटीक, पारदर्शी और समय पर सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। यह पहल राज्य के ऊर्जा प्रबंधन और सेवाओं के सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और इस योजना के पूरे राज्य में लागू होने पर इसके और भी बड़े सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications