MP News: शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया डांस करते आए नजर, कार्तिक की शादी में पहुंचे थे जोधपुर
केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपनी धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया के साथ जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान के विवाह समारोह में शिरकत की और वर-वधू को अपना आशीर्वाद दिया।
इस भव्य और गरिमामय आयोजन में कई वीआईपी हस्तियां उपस्थित रहीं। समारोह के दौरान सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान के बीच आत्मीयता और सौहार्द्रपूर्ण संबंधों की मिसाल देखने को मिली। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया डांस करते हुए नजर आए।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान की गहरी मित्रता की झलक देखने को मिली, जब दोनों ने एक साथ मिलकर इस उल्लासपूर्ण और ख़ुशी के माहौल में हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया।
शादी के इस खुशनुमा अवसर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया भी मौजूद रहीं, जिन्होंने समारोह की गरिमा बढ़ाने के साथ-साथ खुशी के इन पलों को आत्मीयता से साझा किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान का विवाह लिबर्टी शू कंपनी के डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी अमानत के साथ संपन्न हुआ। यह भव्य समारोह जोधपुर के प्रसिद्ध उम्मेद भवन पैलेस में आयोजित किया गया, जहां परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों का जमावड़ा लगा रहा।
शादी के इस अवसर पर तीन दिनों तक समारोह आयोजित किए गए, जिसमें देश के कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। गुरुवार को बारात निकाली गई, जिसमें शिवराज सिंह चौहान ने पूरे जोश और उत्साह के साथ नृत्य किया। उनके साथ उनके छोटे बेटे कुणाल भी थिरकते नजर आए।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी बारात में शामिल होकर जमकर डांस किया, जिससे समारोह में और भी उमंग और उत्साह देखने को मिला।
इस विवाह समारोह में मध्य प्रदेश और राजस्थान भाजपा के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे। शादी के कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी मेहमानों ने इस आयोजन की भव्यता की सराहना की और नवविवाहित जोड़े को उनके सुखद और मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।












Click it and Unblock the Notifications