Helicopter Crash: CDS बिपिन रावत के PSO थे MP के जितेंद्र वर्मा, घरवाले अब तक नहीं जानते थे ये बात
सीहोर, 09 दिसंबर: तमिलनाडु में कुन्नूर में बुधवार को वायुसेना का Mi-17V5 हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 13 लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें मध्य प्रदेश के सीहोर के धामंदा के लाल नायक जितेंद्र कुमार वर्मा का भी नाम शामिल है। जितेंद्र वर्मा सीडीएस बिपिन रावत के पीएसओ थे। हालांकि, ये बात परिवार हो अब पता चली है। उनके पिता शिवराज वर्मा किसान हैं। परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में सन्नाटा पसरा है।

15 दिन पहले आए थे घर, परिवार से मिलकर गए थे वापस
धामंदा गांव के रहने वाले जीतेंद्र वर्मा के पिता का नाम शिवराज वर्मा हैं। वह किसान हैं। मां धापू बाई (50) गृहिणी हैं। जीतेंद्र की शादी साल 2014 में हुई थी। पत्नी का नाम सुनीता है। जितेंद्र कुमार वर्मा के दो बच्चे हैं। एक चार साल की बेटी श्रीव्या और एक बेटा चैतन्य है, जो महज 15 महीने का है। जितेंद्र की 16 मार्च 2011 को आर्मी में भर्ती हुई थी। 32 वर्षीय जितेंद्र वर्मा करीब 15 दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आए थे। 9 नवंबर को वह वापस दिल्ली गए थे। गांव के लोगों ने बताया कि जितेंद्र स्वभाव से भी काफी मिलनसार थे। वह गांव आते थे तो सबके साथ रहते और सेना के किस्से सुनाते थे। सरपंच ने बताया कि गांव के युवा जितेंद्र से काफी प्रभावित थे।

15 अगस्त को गांव में हुआ था स्वागत
जितेंद्र वर्मा के चाचा बताते हैं कि इसी साल 15 अगस्त के मौके पर जीतेंद्र घर आए थे। इस दौरान पूर्व सैनिक संघ ने उनका स्वागत किया था। बुधवार रात 8 बजे निधन की सूचना गांव पहुंची और परिजनों को सूचना मिली। उसके बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह परिजनों के डीएनए टेस्ट के लिए भारतीय सेना की मेडिकल टीम उनके गांव पहुंची थी।
Recommended Video

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया ट्वीट
एमपी के लाल जितेंद्र वर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'मध्य प्रदेश की माटी के सपूत जितेंद्र कुमार जी को सादर श्रद्धांजलि। जिस हृदय विदारक हेलीकॉप्टर हादसे ने सीडीएस बिपिन रावत जी को हमसे छीन लिया, उसी में सीहोर के पुत्र ने कर्तव्य निर्वहन करते हुए प्राण गवां दिए. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर श्रीचरणों में स्थान दें. ॐ शांति।'












Click it and Unblock the Notifications