इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने पर पत्रकारों के इस सवाल पर बोले सिंधिया, 'अभी नहीं बताऊंगा'
ग्वालियर, 09 जुलाई। शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने सिंधिया का जोरदार स्वागत किया है। वहीं, मीडिया ने सिंधिया से इस्पात मंत्रालय मिलने और आगे की योजनाओं को लेकर सवाल किया। इस पर सिंधिया ने कहा कि मुझे यह मंत्रालय मिले अभी 24 घंटे ही हुआ है। ऐसे में मैं अभी इस बारे में व्याख्यान नहीं कर सकता हूं और न ही मैं उन लोगों में शामिल हूं जो बिना चीजों को समझे ही प्लान रख देते हैं।

इस दौरान सिंधिया ने कहा कि मैं काम में विश्वास रखता हूं, टिप्पणियों में नहीं? इसलिए मेरा सबसे पहला काम अभी विभाग को समझना है। मैं विभाग को समझूंगा और एक्सपर्ट्स से मदद लूंगा। इसके बाद ही आगे के प्लान को बता पाऊंगा। क्योंकि किसी भी काम को बिना समझे योजना नहीं बनाया जा सकता है।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस्पात मंत्रालय का प्रभार मिलने पर केन्द्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वो अपनी नई जिम्मेदारी को अच्छे से निभाएंगे और केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरेंगे। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा का दिल से आभार जताया।
दो दिन के लिए प्रदेश आए हैं सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस्पात मंत्रालय का प्रभार मिलने के बाद पहली बार ग्वालियर शुक्रवार को ग्वालियर पहुंचे। ग्वालियर पहुंचने के बाद उन्होंने उड्डयन मंत्रालय में एक साल पूरा होने पर गोरखी स्थित देवघर में कुलदेवता की पूजा की और सिंधिया राजवंश की छतरी पहुंच कर दादी राजमाता सिंधिया, पिता माधव राव सिंधिया को श्रद्धासुमन अर्पित किए और रात में जबलपुर के लिए रवाना हो गए।












Click it and Unblock the Notifications