राजा रघुवंशी की हत्या सोनम ने क्यों की? अब नार्को टेस्ट से सच आएगा सामने! परिवार को है इस बात का शक
Raja Raghuvanshi Case (Sonam Raghuvanshi narco test): इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में अब उनके परिजन सच की तह तक पहुंचने के लिए कानूनी लड़ाई तेज कर रहे हैं। राजा के परिवार ने कहा है कि वे मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी, उसका कथित प्रेमी राज समेत अन्य आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने के लिए मेघालय हाई कोर्ट में अपील दायर करेंगे। इसके लिए उन्होंने तीन वकीलों की टीम हायर की है, जिनमें दो सुप्रीम कोर्ट के वकील भी शामिल हैं। हालांकि उन्होंने वकीलों के नाम का खुलासा नहीं किया है।
राजा के भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि अगर हाई कोर्ट में अपील खारिज होती है, तो वे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा, ''हमें अब भी हत्या की असली वजह नहीं पता है। सोनम ने राज के साथ मिलकर राजा की हत्या क्यों की, ये पता नहीं चल पाया है। परिवार को शक है कि इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है। इसलिए हम नार्को टेस्ट चाहते हैं ताकि इस नेटवर्क का खुलासा हो और सच भी सामने आए।''

राजा रघुवंशी के भाई बोले- सोनम ने रिमांड में कुछ नहीं बताया
राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने कुछ दिनों पहले कहा था,
'' सोनम ने रिमांड में यह नहीं बताया कि उसने राजा क्यों मारा? तो अब वो क्यों बताएगी? इसलिए मैं मांग कर रहा हूं कि इसका नारकोटिक्स टेस्ट कराया जाए। मेरी सरकार से बस इतनी ही अपील है कि इसका नारकोटिक्स टेस्ट कराया जाए... इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।''
परिवार को शक- राजा को मारने के लिए पुलिस-वकील की सलाह ली होगी!
दैनिक भास्कर के मुताबिक विपिन रघुवंशी का मानना है कि राजा की हत्या कोई साधारण साजिश नहीं थी, बल्कि इसके पीछे किसी वकील, पुलिस अधिकारी या किसी तांत्रिक की सलाह हो सकती है। उन्हें आशंका है कि इस मामले में एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी परतें अभी सामने नहीं आई हैं। वे कहते हैं, ''मुझे लगता है कि इस हत्या के पीछे कोई गहरा षड्यंत्र है, जिसकी सच्चाई छिपी हुई है।''
उन्होंने बताया कि वे इस सप्ताह मंगलवार (08 जुलाई) से शनिवार (12 जुलाई) के बीच पहले दिल्ली और फिर शिलॉन्ग जाएंगे, ताकि नार्को टेस्ट की कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
विपिन ने आगे कहा कि मेघालय पुलिस अगर नार्को टेस्ट नहीं कराना चाहती है, तो उन्हें उससे कोई आपत्ति नहीं है। पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच भी गहराई से की है, जिस पर उन्हें भरोसा है। उन्होंने कहा, ''मैं पुलिस की जांच से संतुष्ट हूं, लेकिन एक भाई होने के नाते मेरा फर्ज है कि मैं सच सामने लाने की हर कोशिश करूं।''
सोनम के भाई से शादी की फोटोज की पेनड्राइव मांगी
विपिन ने बताया कि उन्होंने सोनम के भाई गोविंद से शादी की तस्वीरों वाली पेनड्राइव मांगी है। उन्होंने कहा, "हो सकता है उन फोटोज में हमें कोई सुराग मिल जाए।"
उन्होंने यह भी जोड़ा कि गोविंद ने पहले राजा को न्याय दिलाने का वादा किया था। अगर वह अपने वादे पर कायम रहते हैं, तो हमें कोई आपत्ति नहीं। लेकिन अगर वे पलटे, तो फिर वही धोखा दोबारा मिलेगा जैसा सोनम ने किया।

सोनम के भाई गोविंद का जवाब: अभी वकील नहीं करेंगे हायर
वहीं सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद ने स्पष्ट कर दिया है कि वे फिलहाल किसी वकील से संपर्क नहीं कर रहे हैं, जब तक कि वे खुद अपनी बहन से मिल नहीं लेते। उन्होंने कहा, ''अब तक 10-15 वकील केस लेने के लिए मुझसे संपर्क कर चुके हैं, लेकिन मैंने सभी को रोक दिया है। जब तक मैं खुद सोनम से नहीं मिल लेता, कोई वकील नहीं रखा जाएगा।''
उन्होंने यह भी कहा कि अगर राजा का परिवार सोनम का पिंडदान करना चाहता है, तो उन्हें पूरा अधिकार है, और वे उस धार्मिक प्रक्रिया में साथ भी देंगे।
गोविंद ने यह भी बताया कि शादी में राजा के परिवार द्वारा दिए गए लगभग सभी गहने लौटा दिए गए हैं। सिर्फ एक सोने की चेन पुलिस की कस्टडी में है, जिसे परिवार चाहें तो कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ले सकते हैं।
राजा रघुवंशी मर्डर केस: शादी के 12 दिन बाद मेघालय में हत्या, प्रेमी संग सोनम ने बनाई थी साजिश
🔴 इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही 20 मई को दोनों हनीमून मनाने मेघालय गए थे, लेकिन 23 मई को दोनों लापता हो गए।
🔴 लगातार खोजबीन के बाद 2 जून को राजा का शव मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) क्षेत्र में एक गहरे गड्ढे में मिला, जो एक झरने के पास था। यह इलाका ईस्ट खासी हिल्स जिले में आता है।
🔴 राजा की मौत के बाद सोनम की तलाश जारी थी। लेकिन 9 जून 2025 की सुबह सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने पेश हुई, जो कि घटनास्थल से लगभग 1200 किलोमीटर दूर है।
🔴 मेघालय पुलिस के मुताबिक सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर तीन अन्य लोगों को हत्या के लिए सुपारी दी थी। इन तीनों आरोपियों के नाम हैं - आकाश ठाकुर, आनंद कुर्मी और विशाल चौहान। इन तीनों में से एक राज का चचेरा भाई भी बताया गया है।
🔴 ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक सईएम ने कहा, "सोनम और राज दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है, और पुलिस के सामने घटनास्थल को रिक्रिएट भी किया है।"
🔴 पुलिस का मानना है कि सोनम और राज के बीच चल रहा प्रेम संबंध इस हत्या का मुख्य कारण है। हालांकि, पुलिस आर्थिक लाभ जैसे अन्य पहलुओं को भी खारिज नहीं कर रही है और सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।
🔴 इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच चल रही है। दोनों परिवारों की ओर से लगातार मीडिया में बयान सामने आ रहे हैं, जिससे यह मामला और भी ज्यादा चर्चा में है।












Click it and Unblock the Notifications