बोले मोदी- विकास के रास्ते कश्मीर की समस्या का खोज रहे हल
अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में 'आजादी 70 साल - याद करो कुर्बानी 'कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर की हिंसा पर कहा कि जो आजादी हर भारतीय को है, वही हर कश्मीरी को भी है।
इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि 'हमारे पूर्वजों ने हमारे लिए जान की बाजी लगा दी, अपने परिवार को उजाड़ दिया, अपना सब कुछ देश के लिए समर्पित कर दिया। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं यहां चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली में हूं।'

उन्होंने कहा कि 'आज वह उपयुक्त समय है जब हम उन लोगों को याद करें जिनकी वजह से आज हम आजादी में सांस ले रहे हैं।' पीएम ने कहा कि 'हममें से कई हैं जो आजाद भारत में पैदा हुए लेकिन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए त्याग करने का सम्मान प्राप्त किया। लेकिन हमें यह सम्मान प्राप्त है कि हम देश के लिए जी रहे, भले ही हमें आजादी के लिए मरने का मौका नहीं मिला।'
क्या जरूरी नहीं कि हर गांव को बिजली मिले?
मोदी ने कहा कि 'आजादी के 70 साल के बाद क्या यह जरूरी नहीं है कि भारत के हर गांव को बिजली मिले? आज भी कई ऐसे गांव हैं जहां बिजली नहीं है।' पीएम ने कहा 'जब शाम के अंधेरे के बाद जिंदगी सो जाती है, तो बहुत से लोग याद करते होंगे कि हमें बिजली कब मिलेगी।'उन्होंने कहा कि 'हम वो लोग हैं जो कश्मीर की बात आने पर अटल बिहारी वाजपेयी के रास्ते पर चलते हैं। जो आजादी हर भारतीय को है, वही हर कश्मीरी को भी है। हम हर कश्मीरी युवा का भविष्य उज्ज्वल चाहते हैं।'
मोदी ने आगे कहा कि 'हमारा झण्डा लोगों को भारत के लिए भविष्य में बदलाव के लिए प्रेरित करता है। यह हमें देश भक्ति की ओर प्रेरित करता है।' उन्होंने कहा कि 'आज समय की मांग की है कि हम एक देश के रूप में एक संकल्प को लेकर राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए आगे बढ़ें।' पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ' देश आगे बढ़ता है जन शक्ति से, जन शक्ति के सपनों से, जन शक्ति के पुरुषार्थ से, तब देश आगे बढ़ता है।'












Click it and Unblock the Notifications