Panna News: पन्ना में मजदूर परिवार बना करोड़पति, खदान से मिला अब तक का सबसे बड़ा हीरा, जानें कीमत
Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना में एक झटके में लोग खाकपति से लखपति बन जाते हैं। पन्ना के एक गरीब किसान के साथ ऐसा ही हुआ है। गरीब किसान स्वामीदीन पाल की किस्मत उस वक्त चमक उठी जब उथली खदान क्षेत्र में एक चमचमाता हुआ हीरा मिला है। यह हीरा 32.80 कैरेट का है।
यहां के सरकोहा गाँव की उथली हीरा खदान में 32.80 कैरेट वजन का दुर्लभ हीरा मिला है। जेम क्वालिटी वाले इस हीरे की अनुमानित कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। हीरा धारक मजदूर स्वामीदीन पाल आज अपने परिवार के साथ संयुक्त कलेक्ट्रेट स्थित हीरा कार्यालय पहुंचा और हीरे का वजन करवाकर उसे विधिवत हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।

हीरा अधिकारी रवि पटेल के मुताबिक हीरा धारक स्वामीदीन पाल ने हीरा कार्यालय से पट्टा बनवाकर करीब चार माह पूर्व खदान लगाई थी। स्वामीदीन खेती-किसानी और मजदूरी करके अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, इसके साथ ही हीरे की खदान भी खोदता था।
इस खेतिहर मजदूर ने बताया कि वह सरकोहा गाँव में स्थित खुद की जमीन में चार माह पूर्व गर्मियों में हीरा खदान का पट्टा बनवाकर खुदाई शुरू की थी। उसे विश्वास था कि उसे बेस कीमती हीरा जरूर मिलेगा और गुरुवार की दोपहर जब वह हीरा धारित चाल की धुलाई कर रहा था, उसी समय उसे यह हीरा मिला।
इतना बड़ा बेशकीमती हीरा मिलने के बाद से स्वामीदीन और उसका परिवार बेहद खुश है। उसका कहना है कि अब तक हमने कठिन जिंदगी जी है, हीरा मिलने के बाद सारे कष्ट व परेशानी दूर हो जाएगी।
हीरा अधिकारी पटेल का कहना है कि जेम क्वालिटी का यह बेहद दुर्लभ हीरा है, जिसकी बाजार में अच्छी डिमांड होती है। इस हीरे को नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। अनुमानित कीमत पूंछे जाने पर बताया कि यह दो से ढाई करोड़ रुपये का होना चाहिए।
हीरा अधिकारी के अनुसार पिछले 5 सालों में पन्ना की उथली हीरा खदानों से प्राप्त हीरों में यह सबसे बड़ा हीरा है। जो आयोजित होने वाली नीलामी में आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं खेतिहर मजदूर को बड़ा हीरा मिलने पर पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार ने भी खुशी का इजहार करते हुए बताया कि ग्राम सरकोहा में गरीब किसान स्वामीदीन पाल को उथली हीरा खदान में 32.80 कैरेट का हीरा प्राप्त हुआ है, जिसे आज पन्ना हीरा कार्यालय में जमा कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications