Orchha: श्रीराम-जानकी विवाह में दिखेगी बुंदेली झलक, पारंपरिक वाद्य यंत्रों से सजेगी बारात
Orchha Shri Ram-Janki Vivah श्री रामराजा की नगरी बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा में श्रीपंचमी पर भगवान श्रीराम-जानकी विवाह की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। सप्ताहभर तक चलने वाले राम-जानकी विवाह की तैयारियों में जिला प्रशासन, मंदिर समिति से लेकर पूरी ओरछा नगरी जुट जाती है। देश में अयोध्या और ओरछा में ही भव्य तरीके से श्रीराम जानकी विवाह के आयोजन होते हैं। इस साल बारात में केवल बुंदेली वाद्ययंत्र, भजन मंडलियां ही शामिल होंगी।

ओरछा में श्रीराम जानकी विवाह को लेकर बीते दिनों आयोजन कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें कलेक्टर, एसपी, मंदिर कमेटी के सदस्यों सहित तमाम लोग मौजूद थे। आयोजन को लेकर अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। इनको जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें कि आगामी 28 नवंबर को श्री पंचमी का पर्व है। इसी दिन भगवान श्रीराम और जानकी माता का विवाह हुआ था। ओरछा में यह आयोजन भव्य तरीके से मनाया जाता है। इस साल पूरी ओरछा नगरी को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा।
10 डीजे शामिल होते थे, लेकिन इस बार केवल वाद्ययंत्र गूंजेगें
मंदिर समिति द्वारा दी गई जानकारी अनुसार ओरछा में श्रीराम की बारात में करीब 10 डीजे शामिल होते रहे हैं, लेकिन इनसे शोर ज्यादा होता है। इस कारण बारात में इस दफा डीजे शामिल नहीं होगा, बल्कि इनके बजाय बाराज में बुंदेली वाद्ययंत्र रमतूला, तमूरा, खड़ताल, ढोलक, नगाडे़, खजरी, मंजीरा, हारमोनियम, घड़ा सहित अन्य वाद्ययंत्र बजाने वाली मंडलियां शामिल होंगी। भजन मंडलियां साथ चलेंगी। प्रशासन द्वारा इन मंडलियों को बाकायदा आमंत्रण भेजे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications