VIDEO: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे टेस्ट में 'पास', 170KM की रफ्तार से दौड़ी गडकरी की कार
नई दिल्ली, 17 सितंबर: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। साथ ही सड़क की क्वालिटी जानने के लिए उन्होंने अपनी कार को 170 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से चलवाया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। साथ ही सभी मंत्री के इस काम की जमकर सराहना कर रहे हैं।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर के जरिए इलाके का निरीक्षण किया था। इसके बाद वो रतलाम जिले के भुटेड़ा पहुंचे और टेस्ट ड्राइव से सड़क की गुणवत्ता की जांच की। कार में सवार प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें निर्माण संबंधित जानकारी भी दी। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि गडकरी आगे वाली सीट पर बैठे हैं, जबकि कार 170 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है।
टेस्ट ड्राइव के बाद गडकरी ने कहा कि हमने पहले ही निर्माण कंपनी को ये सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि गुणवत्ता बेहतर रहे। अब मैंने खुद कार में बैठकर पूरी जांच की। वैसे तो उनका वाहन 170 की स्पीड तक गया था, लेकिन इस हाईवे पर गतिसीमा 120 किमी/घंटा की जा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि मैंने अब तक मध्य प्रदेश में सड़क परियोजनाओं के लिए 1.50 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अब आने वाले दिनों में सड़क परियोजनाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये और मंजूर किए जाएंगे।
वही 45 मिनट तक चले निरीक्षण के दौरान गडकरी के साथ सांसद गुमान सिंह डामोर, अनिल फिरोजिया, सुधीर गुप्ता और रतलाम जिले के विधायक चेतना कश्यप भी थे। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर और झाबुआ सहित तीन जिलों से होकर गुजरता है। जिसकी राज्य में लंबाई 245 किलोमीटर है। उम्मीद जताई जा रही है कि 2022 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications