MP: जिद में घर नहीं छोड़ा, रात में नदी चढ़ी तो टापू बन गया, रेस्क्यू कर 20 को निकाला
सागर, 23 अगस्त। मप्र के सागर में पैतृक मकान के मोह ने एक परिवार के 20 सदस्यों की जान खतरें में पड़ गई। नरयावली विधानसभा के ढकरानियां गांव में धसान नदी के किनारे एक घर के सदस्य घर छोड़ने को तैयार नहीं हुए। रात में नदी में बाढ़ आ गई और पूरा घर टापू बन गया। रातभर परिवार के सदस्यों की जान हलक में अटकी रही। सुबह एसडीएम को सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। दोपहर में रेस्क्यू आॅपरेशन कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया है।

सागर जिले के नरयावली में धसान नदी के किनारे बसे ढकरानिया गांव में रविवार की दोपहर से पानी जलस्तर बढ़ना शुरु हो गया था। गांव वालों ने अपने घर छोड़ ऊंचाई पर जाना शुरु कर दिया। यहां नदी के किनारे शिवशंकर दामोदर पटेल का मकान था, उनके यहां बच्चों, महिलाओं को मिलाकर कुल 20 सदस्य थे। गांव वालों ने शिवशंकर व अन्य सदस्यों से कहा था कि घर छोड़कर सुरक्षित जगह चलने के लिए कहा था, लेकिन वे लोग नहीं माने। रविवार की रात में भारी बारिश के बाद एकदम से पानी बढ़ना शुरु हो गया। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते इससे पहले ही घर के चारों ओर पानी भरने लगा। धीरे-धीरे कर पूरा घर बाढ़ से घिर गया। पानी बढ़ता देख घर के सभी सदस्यों की जान सांसत में आ गई। कोई चारा नहीं था, सभी टापू बने घर में ही दुबक कर भगवान को भजते रहे।

सुबह गांव वालों ने तहसीलदार और एसडीएम को सूचना दी
शिवशंकर दामोदर पटेल का घर बाढ़ से घिरने और घर टापू बनने की सूचना गांव वालों ने तहसीलदार और एसडीएम तक पहुंचाई थी। सुबह करीब 10 बजे एसडीएम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तो हालात देखकर उन्होंने तत्काल एसडीआरएफ टीम को सूचना भेजकर मौके पर बुलाया गया। करीब एक घंटे में टीम पहुंची और फिर टापू बने घर से सदस्यों को निकालने के लिए रेस्क्यू प्रारंभ किया गया।

सात बच्चे, एक प्रसूता, एक बुजुर्ग महिला सहित 20 सदस्य थे
एसडीएम ने बताया कि सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू प्रारंभ कराया था। इसमें कुल 4 राउंड में परिवार के 20 सदस्यों को रेस्क्यू किया गया है। इसमें 7 बच्चे, एक प्रसूता, एक बुजुर्ग महिला सहित कुल 20 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया है।












Click it and Unblock the Notifications