MP में अब तक कोरोना वैक्सीन के 12 करोड़ डोज लगे, CM शिवराज ने स्वास्थ्य कर्मियों को दी बधाई
कोरोना वायरस संक्रमण रोकने में टीकाकरण अभियान कारगर साबित हुआ है। मध्य प्रदेश में टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 12 करोड़ डोज दी जा चुकी है।
भोपाल, 22 जून। देश में कोरोना अब लगभग खत्म हो चुका है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी की ही वजह है कि स्कूलों, बाजारों और सरकारी व प्राइवेट दफ्तरों को फिर से खोल दिया गया है। कोरोना की लड़ाई में टीकाकरण सबसे ज्यादा कारगर साबित हुआ है। इस बात का जिक्र कई एक्सपर्ट भी कर चुके हैं। भारत में वैक्सीनेशन की बात करें तो अब तक करीब 90 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं, अगर मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां पर COVID19 वैक्सीन के लिए चलाए जा रहे महाअभियान में 12 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तरफ से दी गई है।

COVID19 वैक्सीन के लिए चलाए जा रहे महाअभियान को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को एक ट्वीट किया। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा-'' आज मध्यप्रदेश ने #COVID19 वैक्सीन के लिए चलाए जा रहे महाअभियान में 12 करोड़ खुराक के ऐतिहासिक लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। मैं इसके लिए प्रदेश की जनता, देवतुल्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, प्रशासन, एवं जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई देता हूं। हम शत-प्रतिशत टीकाकरण हेतु संकल्पित हैं.''
मुख्यमंत्री ने कहा,'' जिस तरह मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण रोकने में जनभागीदारी से सफलता मिली है, ठीक उसी प्रकार वैक्सीनेशन के लिए भी जनता को जागरूक करने का कार्य सफल रहा है। साथ ही स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर वैक्सीनेशन किया और अपना फर्ज निभाया।
हालांकि, प्रदेश में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कब तक होगा इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तरफ से कोई जानकारी नहीं साझा की गई। लेकिन माना जा रहा है कि आगामी कुछ महीने में प्रदेश में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications