MP: खुरई नपा में कांग्रेस के अभ्यर्थी भूमिगत, इधर भाजपा के 66 फीसदी पार्षद निर्विरोध
सागर, 15 सितंबर। मप्र के सागर जिले में खुरई नगर पालिका सहित जिले में तीन निकायों के चुनाव होने जा रहे हैं। गुरुवार को नाम वापिसी का दिन था। शाम तक जो स्थिति बनी उसमें खुरई में नगर पलिका में कुल 32 वार्ड में से 21 वार्ड विपक्ष विहीन रहे। इसमें भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध हो गए हैं। इधर बाकी के जो 11 वार्ड बचे हैं उनमें कांग्रेस के प्रत्याशियों सहित बसपा व अन्य लोगों ने फाॅर्म भरे हैं। खुरई के मामले में एक नया मामला सामने आया है, यहां कांग्रेस के 11 अभ्यर्थी नामांकन भरने के साथ ही भूमिगत हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उन पर भाजपा दबाव न डाल सके इस कारण वे कांग्रेस के एक बड़े नेता के यहां सुरक्षित रुप से रह रहे हैं।

सागर जिले में खुरई, गढ़ाकोटा नगर पालिकाओं व कर्रापुर नगर परिषद के लिए चुनाव आयोजित कराए जा रहे हैं। गुरुवार 15 सितंबर को नाम वापसी का आखिरी दिन था। खुरई नगर पालिका पर सबकी नजरें टिकीं हुई हैं। यहां पूर्व में इलाके की बरोदिया, बांदरी और मालथौन नगर परिषदों पर भाजपा शत प्रतिशत पदों पर काबिज हो चुकी हैं। इनमें भी दो परिषद निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं। इसी राह पर नगर पालिका का चुनाव जाता दिख रहा है। यहां कुल 32 वार्ड हैं, जिनमें से शाम तक 21 वार्ड निर्विरोध हो गए हैं। पहले 12 वार्ड निर्विरोध थे, उसके बाद बीते रोज बुधवार को 17 वार्ड और गुरुवार शाम तक कुल 21 वार्ड भाजपा निर्विरोध जीत चुकी है।
9 वार्ड से भाजपा के पक्ष में बाकी ने नाम वापस ले लिए
खुरइ्र में नाम वापसी के दिन तक 9 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के विरुद्ध जमा हुए सभी नामांकन फार्म अभ्यर्थियों ने वापस ले लिए। उल्लेखनीय है कि 12 वार्ड फार्म भरे जाने के आखिरी दिन ही निर्विरोध हो गए थे, क्योंकि वहां सिर्फ भाजपा प्रत्याशियों को ही वार्ड के मतदाताओं ने नामांकन फार्म भरने पर आम सहमति बनाई थी।
मंत्री भूपेंद्र सिंह का विधानसभा क्षेत्र है
सागर जिले की नगरपालिकाओं के चुनाव में यह पहली बार हुआ है कि किसी नगरपालिका में 66 प्रतिशत पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। खुरई नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह का विधानसभा क्षेत्र है। पिछले दिनों मंत्री भूपेंद्र सिंह ने एक सभा में खुले मंच से कांग्रेस से कहा था कि वे अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारें, बावजूद इसके यहां कांग्रेस को पार्षद पद के प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications