MP Neemuch में बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में पुलिस कस्टडी से लुटेरों को छुड़ाया, Rajashthan Police पर फायरिंग
MP Neemuch Attacked on Rajasthan Police: एमपी में बेखौफ अपराधियों ने राजस्थान पुलिस पर अटैक किया और कस्टडी से लुटेरों को छुड़ाकर भाग निकले। यह बड़ी वारदात नीमच जिले में हुई। हमलावर बदमाशों ने एक सब इंस्पेक्टर की रिवाल्वर छीनी और उस पर हमला कर दिया। एसआई के पैर में गोली लगी है।
डीआईजी रतलाम मनोज कुमार सिंह के मुताबिक राजस्थान की लिम्बाहेड़ा थाने की टीम एक लूटकांड के सिलसिले में नीमच आई थी। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जा रही थी। तभी फोरलेन स्थित जैतपुरा फंटे पर राजस्थान पुलिस पर हमला किया।
एएसपी सुंदरसिंह कनेश ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम को बड़ी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया। राजस्थान पुलिस, वाहन से जिन तीन आरोपियों को ले जा रही थी, तभी बीच रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने अपनी गाड़ी अड़ा दी।

इसी दौरान पुलिस कस्टडी में तीन आरोपियों में एक ने सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवाल्वर छुड़ाकर फायरिंग शुरू कर दी। सामने से भी बाइक पर आए बदमाश कट्टे से लैस थे और उन्होंने कई राउंड फायर किए। राजस्थान टीम जब तक संभल पाती, तब तक बाइक सवार बदमाश अपने तीन साथियों को छुड़ाकर भाग निकले।

घटना में सब इंस्पेक्टर नारूलाल गहलोत के पैर में गोली लगी. वहीं अन्य एक पुलिसकर्मी रामअवतार मीणा के हाथ में चोट पहुंची। घटना के बाद कई जगहों पर नाकाबंदी की गई लेकिन अब हमलावर बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम जबकि आईजी ने 30 हजार का इनाम घोषित किया हैं।
इधर राजस्थान के निम्बाहेड़ा के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस बेनीप्रसाद मीणा ने बताया कि निम्बाहेड़ा सदर इलाके में 5 जून को भैंस, मोबाइल और कैश लूट की सनसनीखेज वारदात हुई थी। मोबाइल लोकेशन एमपी के नीमच की मिली तो 6 लोगों की पुलिस टीम प्राइवेट स्कॉर्पियों से मंदसौर पहुंची थी। जहां से तीन आरोपियों को पकड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications