Betul News: चुनाव के बाद मतदानकर्मी जिस बस में ईवीएम ला रहे थे उसमें अचानक आग लग गई, वीडियो आया सामने
MP Betul Bus Fire Loksabha Election 2024: मध्य प्रदेश में वोटिंग के बाद मतदान केंद्रों से दल को वापस ला रही एक बस में आग लग गई। घटना बैतूल लोकसभा क्षेत्र की है। मंगलवार रात करीब 11.30 बजे ये बस 6 मतदान केंद्र से कर्मचारियों को लेकर बैतूल के जिला मुख्यालय आ रही थी, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गई है।
हादसे में सभी मतदान कर्मी सुरक्षित हैं। बस में आग लगने के समय ईवीएम-वीवीपैट भी रखी थीं। जिन्हें पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस से निकलवाया। घटना बैतूल के साईंखेड़ा थानाक्षेत्र की है।

चुनाव संपन्न कराकर मतदान कर्मी वापस लौट रहे थे। अचानक से चलती बस में आग लग गई। बताते हैं कि बस के चालक और मतदान कर्मियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बैतूल, मुलताई और आठनेर से फायर ब्रिगेड को बुलाया। बस की आग बुझाई गई और अंदर रखी मतदान सामग्री को बाहर निकाला गया। मतदान कर्मचारियों और ईवीएम-वीवीपैट मशीनों को लाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई है।
अधिकारियों के जानकारी मुताबिक बस में बैतूल की मुलताई विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 275 रजापुर, 276 डूंडर, 277 गेहूंबारसा 1,278 गेहूंबारसा 2, 279 कुंदारैयत और 280 चिखली माल मतदान केंद्र के मतदान कर्मी सवार थे।
रिपोर्ट अनुसार पीठासीन अधिकारी मुन्नलाल ने बताया कि पोलिंग टीम की कुछ मशीनें जल गई हैं। उनके साथ रखा सामान और कुछ बैग भी जल गए हैं। उनके अनुसार 6 मतदान टीमों के साथ बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवी पैट थीं। मुन्ना लाल ने बताया कि उनकी वीवी पैट, मत पत्र, सील वगैरह भी जल गए हैं।
मध्य प्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट पर तीसरे चरण के तहत 7 मई को वोटिंग हुई है। राज्य की विदिशा, भोपाल, राजगढ़ मुरैना, भिंड, गुना, सागर (एससी-आरक्षित) और ग्वालियर सीट पर भी इसी दिन वोट डाले गए।












Click it and Unblock the Notifications