बेटी को बचाने के लिए 20 मिनट तक तेंदुए से लड़ती रही मां
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में एक मां अपनी दो साल की बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। भैंसाई गांव की 25 वर्षीय आशा पत्नी श्याम सिंह कुशवाह ने अपनी दो साल की बेटी को बचाने के लिए 20 मिनट तक तेंदुए से संघर्ष करती रही। आखिर में तेंदुआ हार मानकर भाग निकला। वन परिक्षेत्र जौरा के भैंसाई गांव में एक तेंदुए ने शुक्रवार को रास्ते में जा रहे मां-बेटी पर हमला बोल दिया। जान की परवाह किए बिना साहसी मां तेंदुए से भिड़ गई और बेटी की जान बचा ली। तेंदुए के हमले में मां जख्मी हो गई है।

आशा शुक्रवार को अपने मायके भवनपुरा भैंसाई से पैदल जा रही थी। रास्ते में खेत में से अचानक तेंदुए का बच्चा निकला और उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से आशा चौंक गई और खेत में गिर गई। इस दौरान उसकी बेटी भी खेत में गिर गई। तेंदुए का बच्चा उसकी बेटी पर झपटा तो वह अपनी जान की परवाह किए बिना तेंदुए से भिड़ गई। इस दौरान तेंदुए ने पैर और हाथ में हमला का दिया जिससे आशा को चोट आई है। महिला का साहस देखकर तेंदुआ भी जान बचाकर गुलाब के खेत में घुस गया।
आशा बच्ची को सीने से लगाए करीब 20 मिनट तक तेंदुए के बच्चे के सिर को जमीन में दबा कर रखा, लेकिन वह एक बार फिर फिसल गया और हमला करने का प्रयास करने लगा, लेकिन तभी सामने से एक व्यक्ति आ गया। इसके बाद तेंदुआ भाग गया। घटना की सूचना वन विभाग को लगी। एसडीओ आरपी रायकवार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला का जौरा अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराया। इसके बाद जिला अस्पताल मुरैना लेकर पहुंचे। महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वन विभाग द्वारा महिला का इलाज किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications