मंदसौर में भगत सिंह का रोल निभाने के प्रयास में छात्र को हकीकत में लगी फांसी, मौके पर हुई मौत
नाटक में भगत सिंह का रोल निभाने की रिहर्सल करने पर छात्र के हकीकत में लगी फांसी, हुई मौत
मंदसौर। आजादी के मतवाले शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को अंग्रेजों द्वारा फांसी पर लटकाए जाने के किस्से पर अनेक मंचों पर नाटक होते रहते हैं, मगर मध्य प्रदेश के मंदसौर के एक स्कूल छात्र के भगत सिंह का रोल निभाने की कोशिश के दौरान हकीकत में फांसी लग गई और उसे अपनी जान गंवानी पड़ी है।

12 साल के प्रियांशु मालवीय की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हर किसी को चौंका देने वाला यह हादसा एमपी के मंदसौर जिले के भोलिया गांव का है। हुआ यूं कि भोलिया गांव का 12 वर्षीय प्रियांशु मालवीय ज्ञान सागर स्कूल बड़वन में पढ़ता था। एक फरवरी को स्कूल का वार्षिकोत्सव था। उसमें शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन पर आधारित नाटक हुआ था। नाटक में प्रियांशु अंग्रेज सिपाही बना था। वार्षिकोत्सव के बाद प्रियांशु अपने घर आ गया।

खेत में कर रहा था भगत सिंह की रोल की रिहर्सल
अगले दिन प्रियांशु अपने खेत पर गया और वहां पर टपरे में लगे बांस पर उसने रस्सी से फांसी का फंदा बनाया और उस पर लटककर भगत सिंह का रोल करने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान फंदा कसने से उसका दम घुट गया। परिजनों की उस पर नजर पड़ी तो उसे नीचे उतारा, मगर तब प्रियांशु की मौत हो चुकी थी।

मोबाइल में मिला भगत सिंह के नाटक का वीडियो
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर एक मोबाइल मिला है। उसमें प्रियांशु के स्कूल में वार्षिकोत्सव पर हुए भगत सिंह के नाटक का वीडियो था। ऐसे में पुलिस और परिजनों को आशंका है कि प्रियांशु वह वीडियो देखकर भगत सिंह को फांसी लगाए जाने का रोल करने का प्रयास कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications