मध्य प्रदेश: 15 फीट गहरे बोरवेल में गिरी 1 साल की बच्ची, शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
भोपाल, 17 दिसंबर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में गुरुवार की दोपहर एक साल की बच्ची के करीब 15 फीट गहरे बोरवेल में गिरने से हड़कंप मच गया। बच्ची को बाहर निकालने के लिए मौके पर राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला कलेक्टर संदीप जीआर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस और जिला प्रशासन के साथ सेना के जवान मौके पर मौजूद हैं। बच्ची को सांस लेने के लिए बोरवेल में ऑक्सीजन सप्लाई दी जा रही है।
Recommended Video

घटना छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 32 किलोमीटर दूर नौगांव थाना क्षेत्र के दोनी गांव की है, जहां दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीण निवासी राकेश कुशवाहा की बच्ची दिव्यांशी अपने खेत में खेलते-खेलते पास के ही खुल एक बोरवेल में गिर गई। लुगासी चौकी प्रभारी अतुल झा के मुताबिक बच्ची बोरवेल के अंदर करीब 15 फीट की गहराई में फंसी हुई है। उन्होंने बताया कि बच्ची को बाहर निकालने के लिए सेना और स्थानीय पुलिसकर्मी राहत बचाव कार्य अभियान शुरू कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में 50 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, 45 जिलों में 1891 सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्योगों का शुभारंभ
अतुल झा ने आगे कहा कि बोरवेल के पास ही जेसीबी से एक अन्य गड्ढा खोजा जा रहा है, बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है। बोरवेल में ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था भी कराई गई है। बोरवेल सूखा है, आशा करते हैं कि हम जल्द ही बच्ची को बाहर निकाल लेंगे। परिवार ने बताया कि बच्ची के अचानक गायब होने के बाद जब उसकी खोज की गई तो बोरवेल के अंदर से उसकी रोने की आवाज सुनाई दी। पहले ते परिवार के लोगों ने बच्ची को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन असफल रहने के बाद तुरंत हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई। वहीं घटना की जानकारी लगते ही एसपी और कलेक्टर दोनों ही मौके पर पहुंच गए थे।












Click it and Unblock the Notifications