Lok Sabha Election 2024: सिंधिया के खिलाफ कांग्रेस खेल सकती है बड़ा दांव, गुना सीट से अरुण यादव लड़ेंगे चुनाव
Lok Sabha Election 2024: गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन सिंधिया के खिलाफ कांग्रेस का चेहरा कौन होगा। इसको लेकर अब तस्वीर साफ होती हुई नजर आ रही है।
गुना सीट पर सिंधिया के नाम का ऐलान होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का बयान आया था की सिंधिया के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का योद्धा उतारेगी।

पटवारी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के गुना में प्रवेश होने पर यह संकेत दिये थे की 2019 के चुनाव में सिंधिया को हराने वाले केपी यादव की तरह ही इस बार कोई योद्धा सिंधिया के खिलाफ चुनाव मैदान में होगा।
तो वहीं दूसरी तरफ पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अरुण यादव सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ने के संकेत मिले हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और अरुण यादव के करीबी रवि सक्सेना ने 'X' पर लिखा है की सिंधिया के खिलाफ अरुण यादव ताल ठोकेंगे।
गुना लोक सभा सीट दरअसल सिंधिया राजघराने के कब्जे वाली सीट रही है। गुना लोकसभा सीट से 3 बार जीत कर सिंधिया लोकसभा पहुंचे हैं। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में सिंधिया ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और भारतीय जनता पार्टी ने केपी यादव को चुनाव मैदान में उतारा था। केपी यादव ने सिंधिया को चुनाव में हराकर सांसद बने।
लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने केपी यादव का टिकट काटकर सिंधिया को चुनाव मैदान में उतारा है ऐसे में कांग्रेस किसी ऐसे चेहरे की तलाश में है जो गुना लोकसभा सीट पर सिंधिया को टक्कर दे सके। अब इसमें सबसे ऊपर नाम कांग्रेस के दिग्गज नेता अरुण यादव का आया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में अरुण यादव ने शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव लड़ा था सुर्खियों में रहे थे।
हालांकि पार्टी ने अभी लोकसभा प्रत्याशियों के नाम का ऐलान नहीं किया है लेकिन यदि अरुण यादव गुना सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी होते हैं तो यहां चुनाव दिलचस्प होता हुआ नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications