विजयपुर विधानसभा सीट को जीतने के लिए कांग्रेस की रणनीति तैयार, जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं की ली बैठक
MP Congress News: मध्य प्रदेश में उपचुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस अब विजयपुर विधानसभा सीट को लेकर चिंता ने दिखाई दे रही है। दरअसल, कल आए चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने अमरवाड़ा सीट को खो दिया। छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा ने जीत हासिल की। यह वह सीट है जिस पर कांग्रेस लगातार तीन चुनाव जीत रही थी।
अब कांग्रेस अपनी एक और सुरक्षित सीट को बचाने में लगी हुई है यह सीट है श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट है। इस सीट पर कांग्रेस से रामनिवास रावत विधायक थे, लेकिन लोकसभा चुनाव के के दौरान उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया और अब उन्हें भाजपा सरकार में मंत्री बनाया गया है। इसके बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।

अब किसी भी समय विजयपुर विधानसभा सीट को लेकर चुनाव की घोषणा हो सकती है ऐसे में कांग्रेस यहां पर एक्टिव नजर आ रही है और ऐसे प्रत्याशी को ढूंढ रही है, जो विजयपुर से रामनिवास रावत को टक्कर दे सके। दरअसल, विजयपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस पिछले कई चुनाव में जीत हासिल करती रही है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज विजयपुर विधानसभा के वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम सेक्टर के अध्यक्ष जिला प्रभारी और कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर विजयपुर विधानसभा उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा की।
स्थानीय नेताओं से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस से विधायक रहे रामनिवास रावत के भाजपा में जाने से विजयपुर में उपचुनाव की स्थिति निर्मित हुई है, इससे कांग्रेस ही नहीं वहां की जनता के साथ विश्वासघात किया गया है। विश्वासघात की कीमत चुकाने का मन वहां की जनता ने पूरी तरह से बना लिया है। ग्वालियर-चंबल की माटी का इतिहास रहा है कि गद्दारी करने वालों को वहां की जनता ने सबक सिखाया है।
उन्होंने कहा कि अमरवाड़ा में भाजपा चुनाव नहीं जीती, शासन, प्रशासन और पैसे के दुरूपयोग से चुनाव जीता गया है। गौड़वाना गणतंत्र पार्टी को जो वोट मिले हैं वह भाजपा द्वारा खड़ा किया गया प्रत्याशी था। इससे हम कुछ वोटों से चुनाव हार गये। अमरवाड़ा में जिस तरह ये भाजपा और सरकार द्वारा प्रबंधन मैनेजमेंट कर कांग्रेस की जीत को हार में बदला गया सबने देखा है।
पटवारी ने कहा कि इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा नहीं है। हमें इससे सबक मिला है, हम निकट भविष्य में होने वाले उपचुनाव में और अधिक मजबूती से काम करेंगे, कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, इन दलबदलुओं द्वारा किये गये विश्वास घात को जनता के बीच उजागर करेंगे। हम आने वाले चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अमरवाड़ा में सत्ता, प्रशासन और पैसे का दुरूपयोग किया है, वैसा ही इन उपचुनावों में भाजपा सरकार द्वारा किया जायेगा, इसलिए हमें सतर्क और चौंकन्ना रहना है और ऐसे धोखेबाजों को सबक सिखाना है। प्रदेश में कर्ज, क्राईम और करप्शन की सरकार चल रही है। कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता को एकजुटता के साथ मैं नहीं हम की भावना के साथ काम करना है।
विजयपुर विधानसभा उपचुनाव की रणनीति लिए हुई बैठक में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जयवर्धन सिंह, लाखन सिंह यादव, दिनेश गुर्जर, पंकज उपाध्याय और कुणाल चौधरी ने भी संबोधित किया। बैठक में क्षेत्रीय नेताओं ने भी उपचुनाव को लेकर अपने सुझाव सांझा किये तथा योग्य प्रत्याशी का चयन करने हेतु रायसुमारी की गई।












Click it and Unblock the Notifications