MP: नगर निगम में ओबीसी का दबदबा, 13 वार्ड आरक्षित किए, 28 वार्ड से चुनाव जीतकर पहुंचे पार्षद
पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित 13 वार्डों सहित अनारक्षित 15 वार्डों से भी निर्वाचित हुए ओबीसी उम्मीदवार, अधिकांश भाजपा के हैं प्रत्याशी
सागर 19 जुलाई। स्थानीय चुनाव के पहले प्रदेश में ओबीसी के आरक्षण को लेकर जमकर बवाल मचा। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। कोर्ट के निर्देश के बाद हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने इसे अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश की थी। निगम चुनाव परिणाम में भी यह सामने आ रहा है जहां 50 प्रतिशत से अधिक ओबीसी प्रत्याशी चुनाव जीते हैं।

स्थानीय चुनाव के पूर्व ओबीसी आरक्षण का मुद्दा पूरे प्रदेश में छाया था. निगम चुनाव के परिणामों को देखें तो ओबीसी वर्ग अपने हितों के लिए अब एकजुट होता नजर आ रहा है. निगम के अनारक्षित 24 वार्डों में से 15 में अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों ने अपनी प्रभावी जीत दर्ज कराई है। मालूम हो कि निगम के 48 वार्डों में से 13 ओबीसी के लिए आरक्षित थे, जबकि 24 वार्ड अनारक्षित, आरक्षित 13 वार्डो के साथ ही अनारक्षित हुए 24 वार्डों में से 15 में अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इसमें भी सर्वाधिक भाजपा के ओबीसी वर्ग के ऐसे प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की जिन्हें अनारक्षित सीटों से टिकट दिया गया था। परिणामों को देखें तो 48 निर्वाचित पार्षदों में ओबीसी वर्ग के यादव जाति से 7 प्रत्याशी जीतें है जिनमें एक मात्र कांग्रेस से हैं तो वहीं सोनी समाज से 4, साहू समाज से 3, पटेल/कुशवाहा समाज से 4 प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। निगम के 48 निर्वाचित पार्षदो में 28 अन्य पिछड़ा वर्ग के पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
ओबीसी के 7 वार्डों में कांग्रेस तो 6 में भाजपा को बढ़त
निगम के 13 ओबीसी वार्डों में से भले ही कांग्रेस के केवल तीन पार्षद निर्वाचित होकर आ सके] लेकिन महापौर पद के लिए हुई मतगणना को देखें तो इन 13 ओबीसी वार्डों में से 7 में कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन ने भाजपा प्रत्याशी संगीता तिवारी पर बढ़त हासिल की है। तीनों ओबीसी वार्डों से जीते कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ ही महापौर प्रत्याशी निधि जैन को भी बढ़त मिली तो वहीं भाजपा पार्षदों के जीते हुए जवाहरगंज, रामपुरा, इतवारी, गांधी चौक, सूबेदार वार्डों में भी महापौर पद के लिए जैन को भाजपा प्रत्याशी की अपेक्षा बढ़त हासिल हुई।
निर्दलीय भी ओबीसी वार्ड से ही जीते
इसमें भी भाजपा प्रत्याशी संगीता तिवारी को सर्वाधिक लीड ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित बाघराज वार्ड से 1813 मतों की मिली तो कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन को ओबीसी के लिए आरक्षित वार्डों में से सर्वाधिक बढ़त कटरा वार्ड में 959 मतों की रही। निगम चुनाव में इस बार एक मात्र निर्दलीय पार्षद ही चुनकर आया है। यहां बता दें कि उक्त निर्दलीय पार्षद भी ओबीसी के लिए आरक्षित मोहननगर वार्ड से चुने गए।












Click it and Unblock the Notifications