जल्लाद पति ने काटे पत्नी के बाल, सुइयां चुभोईं और मोमबत्ती से दागा शरीर
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक पति की हैवानियत सामने आई है। शख्स अपनी पत्नी से कभी मारपीट करता, सुइयां चुभोता तो कभी माचिस की तीली और मोमबत्ती से शरीर को दाग देता। मंगलवार को उसने हदें पार करते हुए पत्नी को बुरी तरह पीटा और उसके बाल तक काट दिए। रोज-रोज ऐसी यातनाओं से तंग आकर आखिरकार पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर पुलिस से आपबीती सुनाई।

महिला की हालत देख दंग रह गई पुलिस
पुलिस ने जब महिला के शरीर में जले हुए दाग और पिटाई के निशान देखे तो वह भी दंग रह गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, महिला का मेडिकल करवाकर उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

18 साल पहले हुई थी शादी
अपने ही पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने मजबूर हुई यह महिला रायसेन जिले के बरेली थाना क्षेत्र के ग्राम मांगरोल की रहने वाली है। महिला की मांगरोल के संजय शर्मा के साथ 18 साल पहले शादी हुई थी। इनके तीन बच्चे एक बेटा, दो बेटियां हैं। पीड़िता का पति संजय शर्मा काफी दिनों से महिला को परेशान कर रहा था। वह हमेशा पत्नी के साथ मारपीट करता रहता, जिससे तंग आकर आखिरकार पीड़िता को पुलिस की शरण मे जाना पड़ा।

केस दर्ज, पति फरार
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को भी संजय ने अपनी पत्नी के साथ बुरी तरीके से मारपीट की, सुईयां चुभोई, उसके बाल काटे और शरीर को मोमबत्ती से जगह-जगह दाग दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मुश्किल से महिला अपने बेटे और परिजनों के साथ बरेली थाने पहुंची, जहां से उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस भी इस बर्बरता पर हैरान है। हालांकि, पुलिस ने पति संजय शर्मा पर मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications