मध्य प्रदेश: इस चर्चित महिला नेता ने छोड़ा भाजपा का दामन, लड़ेंगी निर्दलीय चुनाव
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीजेपी को करारा झटका लगा है। तमाम अफवाहों और कयासों को दरकिनार करते हुए आखिर भारतीय जनता पार्टी की चर्चित महिला नेता और पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने मंगलवार को भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए चुनावी मैदान में निर्दलीय प्रत्याक्षी के रूप में ताल ठोक दी। हालांकि सोमवार को दिनभर मानमनोव्वल का काम चला और खुद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने समीक्षा गुप्ता को वापस पार्टी में लाने और दक्षिण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करने के लिए मनाया। लेकिन किसी का कोई पैंतरा काम नहीं आया।

टिकट वितरण से हैं नाराज
यही नहीं इससे पहले प्रभात झा से भी उनकी चर्चा हुई लेकिन यह चर्चा भी बेनतीजा ही रही। अंततः समीक्षा गुप्ता ने मंगलवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। सूत्रों की मानें तो दक्षिण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह को ही इस बार फिर से टिकट मिलने के बाद से समीक्षा गुप्ता पार्टी से नाराज चल रही थीं। भाजपा की सूची आने के बाद उनका कांग्रेस के दावेदारों में भी नाम चला। परंतु कांग्रेस ने यहां युवा नेता प्रवीण पाठक को मैदान में उतार दिया। इसके बाद समीक्षा ने निर्दलीय प्रत्याक्षी के रूप में पर्चा भर दिया।

नारायण मनाते तो बन सकती थी बात
सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि समीक्षा के पर्चा भरने के बाद जब नारायण सिंह से उन्हें मनाने के बारे में कहा गया तो उन्होंने स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया और कहा कि मैं किसी को नहीं मनाने वाला और ना ही मैं उन्हें मनाने जाऊंगा। नारायण सिंह के इस बयान के बाद समीक्षा और नाराज हो गईं। वहीं सोमवार को पार्टी के दिग्गज नेता केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रभात झा व संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने समीक्षा को मनाने की कोशिश भी की परंतु वह नहीं मानीं।

प्रेस को बुलाकर किया ऐलान
मंगलवार को अंततः समीक्षा गुप्ता ने प्रेस को बुलाकर अपने समर्थकों के बीच बीजेपी के सभी पदों से इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। समीक्षा के इस ऐलान के बाद ग्वालियर की दक्षिण विधानसभा में अब त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications