Damoh: मगरमच्छ का थाने में सरेंडर, पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है माजरा
सागर, 25 अगस्त। मप्र के दमोह जिले की तेजगढ़ पुलिस चौकी में एक मगरमच्छ ने सरेंडर किया तो पुलिस दहशत में आ गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को रस्सियों से जगकड़कर गिरफ्त में लिया गया। वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर पर पहुंची और जाल में बांधकर मगरमच्छ को सुरक्षित प्राकृतिक आवास ब्यारमा नदी पहुंचाया गया।
Recommended Video

तेजगढ़ पुलिस चौकी के दरवाजे तक पहुंच गया मगरमच्छ
दमोह जिले के इमलिया थानांतर्गत आने वाली तेजगढ़ पुलिस चौकी में बीती देर शाम हड़कंप मच गया। थाना स्टाफ और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। दरअसल यहां पास के बरसाती इलाके से होते हुए एक मगरमच्छ पुलिस चौकी के परिसर से होते हुए बिल्डिंग के दरवाजे तक पहुंच गया। गनीमत रही उस समय परिसर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, स्टाफ थाने के अंदर अपने काम में लगा था। जैसे ही मगरमच्छ पर एक पुलिसकर्मी की नजर पड़ी तो उसने चिल्लाकर बाकी स्टाफ को इसकी जानकारी दी।

बमुश्किल रस्सियों से जकड़ा जा सका
तेजगढ़ पुलिस स्टाफ ने मगरमच्छ के चौकी परिसर में होने की सूचना वन विभाग को भेजी, इधर मगरमच्छ किसी पर हमला न कर दे उसके पहले ही पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से उसे रस्सियों के सहारे पकड़ने के प्रयास शुरु कर दिए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसके मुहं पर रस्सियों का फंदा फंसाकर उसे पकड़ लिया और रस्सियों ने जकड़ लिया।

वन विभाग की टीम ने जाल में कैद कर नदी में छोड़ा
वन विभाग की टीम जब तक तेजगढ़ पुलिस चौकी पहुंची, पुलिस वालों ने ही मगरमच्छ पर काबू पा लिया था। बाद में विभाग की टीम ने उसे जाल में बांधकर गाड़ी में डाला और रात में ही इलाके से निकली ब्यारमा नदी में छोड़ दिया। यह नदी नौरादेही अभयारण्य के अंदर से निकली है और मगरमच्छ का प्राकृतिक आवास है। वन विभाग के अनुसार नदी में बाढ़ और नालों के लबालब होने के कारण नदी से नाले में मगरमच्छ पहुंच गया होगा और सूखे स्थान की तलाश में वह आबादी के नजदीक जा पहुंचा। गनीमत रही उसने किसी इंसान या जानवर को निशाना नहीं बनाया।












Click it and Unblock the Notifications