एमपी में शर्मसार कर देने वाली घटना, प्रिंसिपल ने शराब के नशे में छात्राओं को डांस के लिए किया मजबूर
भोपाल, 31 अक्टूबर: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक शर्मसार कर देने वाली घटना घटी, जहां एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कुछ छात्राओं को डांस करने पर मजबूर किया। इस दौरान वीडियो भी बनाने की कोशिश की। किसी तरह वहां से निकलकर छात्राएं घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी बात बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने आरोपी प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया है।

घटना दमोह जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर मधियाडो गांव के सरकारी मध्य विद्यालय की है। जिला शिक्षा अधिकारी एसके मिश्रा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि लड़कियों के परिवार ने शिकायत की थी कि प्रिंसिपल राजेश मुंडा ने नशे की हालत में शुक्रवार को स्कूल के एक कमरे को अंदर से बंद कर डांस करने को कहा। इसका एक वीडियो भी उन्होंने बनाया है। स्कूल से लौटने के बाद लड़कियों ने इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी।
प्रिंसिपल की ये हरकत सुन लड़कियों के परिजन आग-बबुला हो गए। इसके बाद तुरंत मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई। मामला संज्ञान में आते ही जिला कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य ने जांच के आदेश दिए और खंड शिक्षा अधिकारी से मामले में रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट आते ही प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया। अब वो पटेरा प्रखंड कार्यालय से अटैच हैं।












Click it and Unblock the Notifications