MP News: कांग्रेस विधायक को धमकी, सवाल वापस लो वरना, माखन लाल जाटव जैसा हाल करने की चेतावनी
MP News: मध्य प्रदेश में 10 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र के पहले ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भिंड जिले की गोहद सीट से कांग्रेस विधायक केशव देसाई ने ग्वालियर के एक निजी अस्पताल को लेकर विधानसभा में सवाल उठाया था, जिसके बाद उन्हें 26 फरवरी को मोबाइल पर धमकी मिली।
विधायक को धमकी, माखन लाल जाटव जैसा हाल करने की चेतावनी
विधायक देसाई को धमकी भरा कॉल मिला, जिसमें कहा गया कि यदि उन्होंने अपना सवाल वापस नहीं लिया, तो उनका अंजाम गोहद के पूर्व विधायक माखन लाल जाटव जैसा होगा। इस घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा।

पटवारी बोले- यह बीजेपी का गुंडाराज है
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने इसे राज्य में व्याप्त गुंडाराज का उदाहरण बताते हुए कहा, "यह मैसेज क्या है? मध्य प्रदेश में जो गुंडाराज और माफियाराज चल रहा है, यह उसकी झलक है। धमकी देने वाला व्यक्ति एक निजी अस्पताल का मालिक है, जिसके खिलाफ पहले भी गंभीर आरोप लगे थे। वह व्यापमं घोटाले का बड़ा आरोपी है।"
उन्होंने आगे कहा, "नकली मार्कशीट और नोटशीट के जरिए इस व्यक्ति ने अपना प्रभाव बढ़ाया और अब जब उसके खिलाफ सवाल उठे, तो वह एक जनप्रतिनिधि को धमका रहा है। क्या यही भाजपा का शासन है? कांग्रेस पार्टी और उसके विधायक इस अन्याय के खिलाफ खड़े रहेंगे।"
'धमकी देने वाला यादव किसका खास?'
पटवारी ने इस मामले में सीधे तौर पर प्रदेश के उच्च पदस्थ नेताओं से जवाब मांगा। उन्होंने कहा, "हमारे विधायक देसाई के साथ पूरा कांग्रेस दल खड़ा है। जिन गुंडा तत्वों ने धमकी दी, जिन्होंने गलत तरीके से पद हासिल किए और बड़ा साम्राज्य खड़ा कर लिया, अब उन पर सवाल उठाने पर विधायक को धमकी दी जा रही है। इस व्यक्ति के संबंध किससे हैं? यह किसका खास है? मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए।"
विधायक देसाई ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
विधायक केशव देसाई ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरी घटना का विवरण दिया। उन्होंने पत्र में लिखा:
"26 फरवरी 2025 को दोपहर 3:25 बजे मेरे मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को डॉ. अंकित यादव का भाई अंकित यादव बताया। उसने कॉल को कॉन्फ्रेंस पर डालकर अमित यादव से बात कराई।
अंकित यादव ने कहा- 'आपने ग्वालियर स्थित मेरे एपिल हॉस्पिटल के बारे में विधानसभा में सवाल क्यों उठाया? आप तुरंत सवाल वापस लें, वरना आपको गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। क्या आपने गोहद के पूर्व विधायक माखन जाटव की हत्या से सबक नहीं लिया? अगर आपको अपने जीवन की चिंता है, तो ग्वालियर के सीएमएचओ डॉ. श्रीवास्तव को पत्र लिखें और उनसे कहें कि मैंने विधानसभा में कोई सवाल नहीं उठाया।'"
इसके बाद 27 फरवरी को दोबहर 12:23 बजे फिर से धमकी भरा कॉल आया, जिसमें अंकित यादव ने पूछा, "सवाल वापस लिया कि नहीं?" विधायक के इंकार करने पर उसने कहा, "तुम अपनी जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हो, इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।"
विधायक ने सुरक्षा की मांग की
विधायक देसाई ने मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार समेत सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
बजट सत्र में गूंजेगा मामला
इस धमकी के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र और भी गरमाने की संभावना है। कांग्रेस विधायक इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी में हैं, जबकि सरकार की प्रतिक्रिया का भी इंतजार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications