मध्य प्रदेश में चल रहा है कांग्रेस छोड़ो अभियान, CM मोहन यादव ने कहा- 50 हजार से ज्यादा छोड़ने को तैयार
MP News: भारतीय निर्वाचन आयोग ने शनिवार 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। सीएम यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के अंदर कांग्रेस पार्टी में भगदड़ मची हुई है।
इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता लगातार पार्टी छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ले रहे है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम यादव ने कहा कि 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़ने की तैयारी में हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां गए वहां पीछे पीछे लोग कांग्रेस छोड़ते जा रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस की और बुरी स्थिति होगी। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस छोड़ो, अभियान चल रहा है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजे में कांग्रेस धीरे-धीरे रसातल में जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी अलग-अलग स्थान पर 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़ने को तैयार हैं। सीएम ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व की ही कमजोरी है। कांग्रेस लगातार वो रॉकेट लॉन्च कर रही, जो कभी गंतव्य तक पहुंचता ही नहीं है। पहले वो विचार कर लें, किसको लांच करना है।
सीएम यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने के प्रयासों में सहभागिता का अवसर अब करीब है। मैं उम्मीद करता हूं कि अच्छे कामों के भरोसे से मोदी जी फिर इस बार, भाजपा 370 और एनडीए 400 पार होगा। मध्य प्रदेश में अबकी बार 29 की 29 सीटें हमें मिल रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications