Kuno National Park: 'चीते' राजस्थान में भी VIP, जंगल पार किया तो वहां भी तत्काल मिलेगी सुरक्षा
चीता प्रोजेक्ट (Cheetah Project) के तहत कूनो (Kuno National Park ) के जंगलों में छोड़े गए चीतों की सुरक्षा का जिम्मा अब केवल कूनो प्रबंधन का नहीं रहेगा। चीते कूनो से सटे पड़ोसी प्रदेश राजस्थान की सीमा में जाते हैं तो वहां का स्थानीय वन विभाग चीतों को सुरक्षा प्रदान करेगा। बता दें कि कूनो नेशनल पार्क, माधव नेशनल पार्क का हिस्सा प्राकृतिक कॉरीडोर के माध्यम से राजस्थान के सवाईमाधोपुर से सीधा जुड़ा हुआ है।

श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) के जंगल में 10 चीतों को फ्री रेंज में खुला छोड़ दिया गया है। यदि चीते राजस्थान की सीमा में चले जाते हैं तो तत्काल वहां का वन विभाग चीतों को सुरक्षा प्रदान करेगा। क्योंकि चीते केवल कूनो प्रबंधन या मप्र की धरोधर नहीं है, ये देश की धरोहर हैं। यह बात मप्र के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और राजस्थान के राज्यपाल कालराज मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कही गई। उदयपुर में संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया था।
राजस्थान के उदयपुर में मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के मुद्दों को लेकर दोनों राज्यों के राज्यपाल की मौजूदगी में सीमावर्ती जिलों के कलेक्टर, एसपी, वन अधिकारियों सहित अन्य अफसरों की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें श्योपुर के कलेक्टर और वन विभाग ने बताया कि कूनो नेशनल पार्क में वर्तमान में 10 चीते खजंगल में छोड़े गए हैं। मप्र की तरफ से बताया गया कि चीता देश की धरोहर है। श्योपुर और राजस्थान के जंगलों की सीमा जुड़ी हुई हैं। यदि चीते कूनो श्योपुर जिले से निकलकर राजस्थान की सीमा में आ जाएं, तो उन्हें तत्काल राजस्थान का लोकल वन विभाग सुरक्षा प्रदान करे। जिससे देश की धरती से सात दशक पूर्व लुप्त हुए इस जीव को नए सिरे से बसाने के प्रयास सफल हो सकें।
अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा हुई
उच्च स्तरीय बैठक में श्योपुर कलेक्टर शिवम वर्मा और एसपी आलोक कुमार सिंह ने लोकल के मुद्दों को वहां के अफसरों के साथ सांझा किया। श्योपुर एसपी आलोक कुमार सिंह ने कहा कि एक-दूसरे के जिलों के अपराधियों को यदि पड़ोसी जिलों में सरंक्षण मिलता है तो उन्हें पकड़कर संबंधित जिले के थानों को सौंपा जाए। बैठक में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने सीमावर्ती राज्यों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त स्तर पर मिल बैठकर विकास से जुड़े मुद्दों पर एकमत होकर कार्य करने की आवश्यकता जताई।












Click it and Unblock the Notifications