दिवाली की खरीदी उनसे करें जो... मध्य प्रदेश में भोपाल से देवास तक बजरंग दल के पोस्टर से मचा बवाल
Bajrang Dal Poster in Bhopal: मध्य प्रदेश में एक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भोपाल से लेकर देवास तक में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं। यह पोस्टर बजरंग दल के लोगों ने लगाए हैं। पोस्टर देखकर इस पर सियासत तेज हो गई है। बजरंग दल ने लोगों से अपील की है कि दिवाली पर हिंदुओं की दुकान से ही सामान खरीदें।
पोस्टर में लिखा है 'अपना त्योहार, अपनों से व्यवहार। दीपावली की खरीदी उनसे करें, जो आपकी खरीदी से दीपावली मना सकें'। इस पोस्टर में नीचे बजरंग दल लिखा हुआ है। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि यह पोस्टर हिन्दुओं से सामान खरीदने की अपील करते हुए बजरंग दल ने ही लगाए हैं। मुताबिक ऐसे पोस्टर एमपी के कई शहरों में लगे हुए हैं।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों के चौक चौराहों पर लगे इन पोस्टरों से सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस इन पोस्टरों को लेकर भाजपा और बजरंग दल पर जमकर हमला बोल रही है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश में सावन के महीने में खाने पीने की दुकान चलाने वालों को दुकानों पर अपना नाम लिखने के लिए कहा गया था जिससे कावड़ियों को पता रहे कि वह किससे सामान खरीद रहे हैं। इस फैसले के बाद भी काफी विवाद हुआ था।
उधर वीएचपी ने भी कुछ ऐसी ही अपील की है। विहिप के क्षेत्रीय प्रवक्ता जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा, दिवाली सनातनियों के लिए एक बड़ा त्योहार है, जो भगवान राम की अयोध्या वापसी के जश्न में मनाया जाता है। प्रत्येक हिंदू को दिवाली मनाने के लिए, हिंदू दुकानदान से सामान खरीदना चाहिए।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जहां हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंची है। ऐसे में सामाजिक संगठनों की ऐसी अपील समझ में आती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर सनातन मूल्यों का विरोध करने वालों का साथ देने का आरोप लगाया और स्वदेशी को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया। उधर कांग्रेस ने इस पोस्टर की आलोचना करते हुए मोहन यादव सरकार से ऐक्शन लेने की मांग की गई है।












Click it and Unblock the Notifications