राज्यपाल अनुसुईया ने की सीएम कलमनाथ की तारीफ तो भाजपा नेता ने जताई नाराजगी
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की तारीफ की, जिसको लेकर भाजपा नेताओं ने आलोचना की है। भाजपा नेता संतोष राय ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर ट्वीट कर नाराजगी जताई है।

भाजपा नेता और नगरनिगम के सभापति संतोष राय ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा कि ' जिनसे हम दुश्मनी निभा रहे हैं, उनसे वो रिश्ते निभा रही हैं। ' इस मामले पर संतोष राय ने कहा कि 'मुझे जो भी गलत लगता है, वो स्पष्ट रूप से कह देता हूं। मैंने सोशल मीडिया पर अपनी राय व्यक्त की है।'
इन दिनों राज्यपाल अनुसुईया उइके जिले के प्रवास पर हैं और वो छिंदवाड़ा जिले की मूल निवासी हैं। बीते बुधवार की रात को छिंदवाड़ा जिले के रोहना गांव में उन्होंने पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता दीपक सक्सेना के साथ मंच साझा किया। इस दौरान दोनों ने पुरानी यादें ताजा कीं।
राज्यपाल अनुसुईया ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि कमलनाथ जी मुझे सक्रिय राजनीति में लेकर आए हैं। दलगत राजनीति अपनी जगह है। मैं व्यक्तिगत संबंधों को महत्व देती हूं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि दीपक सक्सेना और उनका घर आमने-सामने था। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक दीपक सक्सेना ने रोहना गांव की ओर से उइके को शॉल, श्रीफल देकर अभिनंदन किया।












Click it and Unblock the Notifications