उमा भारती समर्थक रिंकू को मिला इतवारी वार्ड से टिकट, भूपेंद्र सिंह समर्थक लक्ष्मण का टिकट कटा
सागर, 21 जून। मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के कारण भाजपा को सागर में इतवारी टौरी वार्ड का टिकट बदलना पडा है। यहां से राजेश उर्फ रिंकू नामदेव को टिकट दिया गया है। पहले इस वार्ड से नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के कट्टर समर्थक लक्ष्मण सिंह को पार्षद का टिकट दिया गया था।

मप्र के सागर नगर निगम के चुनाव के दौरान भाजपा को पार्षदों के टिकट जारी करने के तीन दिन बाद इतवारी वार्ड से प्रत्याशी बदलना पडा है। यहां मंत्री भूपेंद्र सिंह के कट्टर समर्थक व भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह का नाम काटकर भाजपा की फायर ब्रांड लीडर उमा भारती के कट्टर समर्थक राजेश नामदेव रिंकू को टिकट दिया गया है। बता दें कि रिंकू पूर्व में ही अपना नामांकन फॉर्म जमा कर चुके थे, उन्होंने भी भाजपा प्रत्याशी के तौर पर ही नामांकन जमा किया है।
उमा भारती ने प्रदेशाध्यक्ष को फोन किया था
भाजपा संगठन के सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार सागर में सूची जारी होने के बाद उमा भारती ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा को फोन लगाकर सागर में इतवारी वार्ड से राजेश नामदेव के लिए टिकट की मांग की थी। बीडी शर्मा ने इसकी जानकारी सागर में जिलाध्यक्ष व चयन समिति को दे दी थी, जिसके बाद मंत्री सिंह के खेमे में बैचेनी बढ गई थी। आखिरकार मंगलवार को प्रदेश भाजपा संगठन से भगवानदास सबनानी, बंशीलाल गुर्जर और विनोद गोटिया के हस्ताक्षर से पत्र जारी किया गया जिसमें कहा गया कि प्रदेश अपील समिति के निर्णयानुसार सागर में वार्ड क्रमांक 30 से पूर्व घोषित प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के स्थान पर राजेश उर्फ रिंकू नामदेव को प्रत्याशी घोषित किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications