लखनऊ: वाणिज्य कर अधिकारी के घर में घुसकर पत्नी से छेड़छाड़, युवक गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वाणिज्य कर अधिकारी के घर में घुसकर उनकी पत्नी से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी (पश्चिम) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी युवक पर पहले भी मारपीट के आरोप लगे हैं। अधिकारी की पत्नी और बेटे के सिर पर चोट आई है, जिसका इलाज रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल में करवाया गया।

मामला बाजारखाला इलाके में स्थित एक सरकारी कॉलोनी का है। रविवार को वाणिज्य कर अधिकारी की पत्नी घर में अकेली थी। आरोप है कि मौका पाकर कॉलोनी का एक युवक ऋषभ शुक्ला घर में घुस गया और अधिकारी की पत्नी के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। इसी बीच महिला का 17 वर्षीय बेटा भी मौके पर पहुंच गया। युवक ने उसपर भी वार कर उसे घायल कर दिया।
महिला ने मौका पाते ही पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक की पहचान कॉलोनी में ही रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर ऋषभ शुक्ला के तौर पर हुई। एसपी (पश्चिम) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी युवक आवारा किस्म का है। उस पर पहले भी मारपीट के आरोप लगे हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications