लखनऊ: 3 साल की बेटी की सामने मां ने लगाई फांसी, डेढ़ महीने मायके में रहकर लौटी थी महिला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला ने अपनी तीन साल की बेटी के सामने फांसी लगाकर जान दे दी। इस दौरान मासूम बेटी कमरे में बैठी टीवी देखती रही। मामले की जानकारी तब हुई जब घर के बाहर खेल रही बड़ी बेटी कमरे में पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शुरुआती जांच के मुताबिक पुलिस का कहना है कि महिला बीमारी से परेशान थी, इसीलिए उसने ऐसा कदम उठाया है। हालांकि, अभी जांच की जा रही है।

तीन साल की बेटी की सामने मां ने लगाई फांसी
मामला सआदतगंज थानाक्षेत्र के तकिया हाजी नुसरत इलाके का है। यहां रहने वाले दीपक कश्यप एक फैक्ट्री में काम करते हैं। दीपक की पत्नी गुड़िया (26) का शव बुधवार दोपहर घर के अंदर कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। बताया जा रहा है कि गुड़िया ने अपनी तीन साल की बेटी के सामने ही फांसी लगाकर जान दी है। घर के बाहर खेल रही छह साल की बड़ी बेटी जब अंदर पहुंची तो गुड़िया का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। वहीं, छोटी बेटी वहीं बैठकर टीवी देख रही थी।
कुछ दिन पहले ही मायके से लौटी थी गुड़िया
मृतका के पति दीपक ने बताया कि सरोजिनी नगर नटकुर निवासी छोटे लाल की बेटी गुड़िया से उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह काम पर चला गया था। इसके बाद ही गुड़िया ने फांसी लगा ली। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या का सही कारण पता करने का प्रयास किया जा रहा है। गुड़िया डेढ़ महीने से मायके में थी, कुछ दिन पहले ही वह ससुराल लौटी थी। मायके वालों ने भी फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications