यूपी में ऑनर किलिंग: लव अफेयर से नाराज भाई ने बहन की तो बाप ने बेटी की कर दी हत्या
बुलंदशहर/उन्नाव। उत्तर प्रदेश दो अलग-अलग जिलों में ऑनर किलिंग की घटना से दहशत का माहौल है। बुलंदशहर में जहां भाई ने अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी वहीं उन्नाव में बेटी के अफेयर से गुस्साए पिता ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।

तो आईए आपको सबसे पहले बुलंदशहर की घटना के बारे में बताते हैं। यहां के छतारी इलाके में रहने वाले एक युवक ने बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी और उसके प्रेमी को भी फावड़ा मारकर घायल कर दिया। घायल प्रेमी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छतारी के रिसालू गांव में 25 वर्षीय अतुल चौहान अपने परिवार के साथ रहता है। बताया जाता है कि अतुल की बहन 15 साल की सोनू चौहान का पड़ोस में रहने वाले तरूण राघव से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सोनू के परिवार वाले इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। बताया जाता है कि मंगलवार को अतुल ने इसी के चलते अपनी बहन सोनू की फावड़े से वारकर हत्या कर दी।
सिर्फ इतना ही नहीं आरोपी ने सोनू के प्रेमी तरुण को भी फावड़ा मारकर घायल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल तरुण को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने छानबीन कर सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी अतुल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ उन्नाव जनपद में बेटी के प्रेम-प्रसंग के नाराज पिता ने अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। बेटी के हत्या के बाद वह खुद ही पुलिस के पास पहुंचा और सारी घटना पुलिस को बताई।
उन्नाव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंगाघाट के चंपापुरवा गांव निवासी किसान राजू अपने परिवार के साथ रहता है। बताया जाता है कि राजू की 18 साल की बेटी का गांव के रहने वाले महेश से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बात का राजू व उसके परिवार वाले विरोध कर रहे थे।
बेटी के प्रेम-प्रसंग की वजह से राजू व उसके परिवार की बदनामी भी हो रही थी। बताया जाता है कि इसी सबके चलते राजू ने बीती रात बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। बेटी की हत्या करने के बाद वह खुद ही थाने पहुंच गया और सारी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने राजू को गिरफ्तार करते हुए उसकी बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications