यूपी में भी होगा महागठबंधन, अखिलेश यादव ने दिये संकेत
लखनऊ। बिहार में जिस तरह से महागठबंधन को अपार सफलता मिली है उसका असर उत्तर प्रदेश में दिखने लगा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी में भी महागठबंधन के संकेत दिये हैं।

अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए कहा कि बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी महागठबंधन हो सकता है। वहीं अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर अपना नजरिया पूरी तरह से साफ नहीं किया कि किन पार्टियों के साथ महागठबंधन किया जाएगा।
अखिलेश यादव के इस ऐलान के बाद कैबिनेट मंत्री और अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने महागठबंधन की संभावनाओं से साफ इनकार करते हुए कहा कि यूपी में सपा अपने दम पर बहुमत हासिल करेगी।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन होने की कोई संभावना नहीं है लेकिन अगर भविष्य में ऐसी कोई भी संभावना बनती है तो इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
आपको बता दें कि हाल ही में राज्य मंत्री फरीद महफूज किदवई ने प्रदेश में सपा और बसपा को 2017 चुनाव से पहले गठबंधन का सुझाव दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दोनों पार्टियों के गठबंधन के बाद भाजपा को प्रदेश में हराया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications