24 घंटे में यूपी में कोरोना वायरस के 762 नए मरीज मिले, 19000 से ज्यादा लोगों की प्रतिदिन हो रही जांच
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 762 नए मामलों का पता चला है जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 20,943 हो गई है। प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में फिलहाल 6,730 मरीजों में यह वायरस एक्टिव है जबकि 13,583 मरीज ठीक हो चुके हैं और उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेजा जा चुका है। प्रदेश में इस बीमारी से अब तक 630 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लौटे प्रवासियों की ट्रैकिंग लगातार की जा रही है और उनकी भी जांच चल रही है।

प्रमुख स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि गुरुवार को 19387 सैंपल की टेस्टिंग की गई है और कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के मामले में प्रदेश अपनी क्षमता लगातार बढ़ा रहा है। आगे आने वाले दिनों में प्रदेश में 20,000 से ज्यादा लोगों की टेस्टिंग हम करेंगे। अब तक 6,42,833 लोगों की जांच हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आइसोलेशन वार्डों में अभी 6,733 मरीजों को रखा गया है और उनका इलाज चल रहा है।
प्रमुख स्वास्थ्य सचिव के मुताबिक, सरकारी संस्थाओं में फिलहाल 5992 लोगों को क्वारंटाइन में रखा है जिनके सैंपल्स की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने आरोग्य सेतु एप के इस्तेमाल करने की सलाह फिर से दी। कहा कि इस एप से 93,394 अलर्ट मिले हैं जिसके बाद उन लोगों से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। प्रदेश में लौटे प्रवासियों के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता उन मजदूरों और कामगारों के बारे में लगातार जानकारी जुटा रही हैं। 18,69,542 कामगारों के बारे में जानकारी हो चुकी है। इनकी जांच में अभी तक 1647 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण मिले। कामगारों की टेस्टिंग का काम अभी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications