मायावती ने की UPTET पेपर लीक मामले की उच्च-स्तरीय जांच की मांग, कहा- छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ठीक नहीं
लखनऊ, 28 नवंबर: बसपा प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही मामले की उच्च-स्तरीय जांच और दोषियों को सख्त कानूनी सजा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। मायावती ने कहा कि परीक्षा का रद्द हो जाना गंभीर मामला है। करीब 21 लाख परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ उचित नहीं है।

मायावती ने कहा- यूपीटीईटी का रद्द हो जाना अति-गंभीर मामला है
बसपा प्रमुख ने यूपीटीईटी परीक्षा रद्द होने के बाद दो ट्वीट किया। उन्होंने कहा, ''जिस प्रकार सपा सरकार में नकल आम बात होती थी, उसी प्रकार भाजपा सरकार में भी पेपर लीक होने से यूपी में शिक्षकों की भर्ती के लिए आज की उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का रद्द हो जाना अति-गंभीर मामला। करीब 21 लाख परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ उचित नहीं।'' मायावती ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा, ''यूपी सरकार इस ताजा घटना को पूरी गंभीरता से लेकर इसकी अति-शीघ्र उच्च-स्तरीय जाँच कराए एवं दोषियों को सख्त कानूनी सजा सुनिश्चित करे तथा आगे यथाशीघ्र इस परीक्षा को सुचारू रूप से कराने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करे, बीएसपी की यह माँग।''
Recommended Video
सीएम योगी ने कहा- दोषियों के खिलाफ होगी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई
पेपर लीक करने वाले गिरोह पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि दोषियों को चिह्नित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी संपत्ति भी जब्त की जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, हमारे नौजवान बहनों-भाइयों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। आप सबको हुई असुविधा के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा जरूर मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications