BSP ने अमनमणि त्रिपाठी को दिया टिकट, मधुमिता की बहन और सारा सिंह की मां धरने पर बैठीं
लखनऊ, 10 फरवरी: अमनमणि त्रिपाठी को बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने महराजगंज जिले की नौतनवा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अमनमणि त्रिपाठी के ऊपर अपनी पत्नी सारा सिंह की हत्या का आरोप है। तो वहीं, अब अमनमणि त्रिपाठी को बीएसपी द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सारा सिंह की मां सीमा सिंह और कवयित्री मधुमिता की बहन निधि शुक्ला ने अमनमणि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दोनों लखनऊ स्थित बीएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई है।

बीएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठीं सारा सिंह की मां सीमा सिंह और कवयित्री मधुमिता की बहन निधि शुक्ला ने बीएसपी चीफ मायावती ने पर निशाना साधा। सीमा सिंह ने कहा कि एक तरफ मायावती कानून की बात करती हैं तो दूसरी तरफ कानून हाथ में लेने वाले को बसपा का उम्मीदवार बनाती हैं। इस तरह कैसे प्रदेश में मां-बहनों की रक्षा हो सकेगी। तो वहीं, कवियत्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने भी अमन को टिकट देने पर नाराजगी जाहिर की।
निधि ने कहा कि जब मायावती मुख्यमंत्री थीं, तब वे मधुमिता हत्याकांड में न्याय दिलवा रही थीं। लेकिन आज उसी आरोपी को अपनी पार्टी का टिकट दे रही हैं। ये कैसा न्याय है। इस दौरान मायावती से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे अपराधियों को पार्टी से निकालें। अगर ऐसा नहीं होता है तो पूरे प्रदेश में ब्राह्मण और क्षत्रिय बसपा का विरोध करेंगे। तो वहीं, निधि शुक्ला और सीमा सिंह के बीएसपी कार्यालय के बाहर धरने की सूचना पर पहुंची गौतमपल्ली थाने पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और थाने ले गई।












Click it and Unblock the Notifications