UP election :एसपी सिंह बघेल को मिली Z कैटेगरी की सुरक्षा, करहल से हैं BJP प्रत्याशी, एक दिन पहले हुआ था हमला
लखनऊ, 16 फरवरी: केंद्रीय मंत्री और मैनपुरी जिले की करहल सीट से भाजपा उम्मीदवार एसपी बघेल को जेड कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान हमले के बाद एसपी सिंह बघेल को ये सुरक्षा दी गई है। सीआईएसएफ के जवान बघेल की सुरक्षा करेंगे। एएनआई ने गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक लिखा है एसपी सिंह बघेल को 11 फरवरी से केंद्र ने सशस्त्र बल की सुरक्षा दी थी। अब उन्हें जेड कैटेगरी की सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस बघेल के काफिले पर हुए हमले की जांच कर रही है। उधर, एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हुए हमले को लेकर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर लखनऊ में चुनाव आयोग के कार्यालय पर शिकायत दर्ज कराई है।

एसपी सिंह बघेल पर हुआ था हमला
बता दें, एसपी सिंह बघेल के काफिले पर मंगलवार शाम को हमला हुआ था। बताया गया कि हमलावर लाठी-डंडों से लैस थे। ये हमला उस वक्त हुआ, जब वह पैरार शाहपुर में प्रचार से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि अतिकुल्लापुर गांव के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले पर पथराव कर दिया था। बघेल ने दावा किया कि सैकड़ों लोगों ने उनकी गाड़ियों पर लाठी और डंडों से हमला किया। एसपी सिंह बघेल ने एसपी मैनपुरी को फोन कर हमले की सूचना दी थी।
केशव मौर्य ने कहा- अखिलेश ने चुनाव में हार के डर से हमला करवाया है
बता दें, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी करहल सीट से चुनावी मैदान में हैं। बघेल पर हमले को लेकर बीजेपी ने सपा और अखिलेश यादव पर आरोप लगाए हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि अखिलेश ने चुनाव में हार के डर से ये हमला करवाया। वहीं, यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं, इसीलिए हमला करवाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications