अखिलेश यादव ने भाजपा को बताया 'ठहरा रथ', कहा- पहिया धंसा है यूपी में पर दिल्ली के हाथ लगाम
लखनऊ, जून 10: सियासी सरगर्मियों के बीच उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ आज यानी गुरुवार 10 जून को दिल्ली पहुंचेंगे, वो यहां शुक्रवार 11 जून को देश के पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज भरा ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने इशारों-इशारों में यूपी की सत्ता केंद्र के हाथों में होने की बात कही है।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुरुवार को इशारों-इशारों में योगी सरकार पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'उत्तर प्रदेश का 'ठहरा रथ' भला कैसे हो गतिमान, पहिया धंसा है यूपी में पर दिल्ली के हाथ लगाम।' बता दें कुछ दिन पहले ही अखिलेश ने इसी तरह इशारों-इशारों में सरकार पर तंज किया था। पूर्व सीएम ने लिखा था, 'कभी खुले आसमान पर वो लिख देते थे 'संदेशे', अब किसी और के पते पर बंद लिफ़ाफ़े आते हैं।'
आज दिल्ली पहुंच रहे है सीएम योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम दिल्ली पहुंच रहे हैं। वो आज गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे, इसके बाद उनकी पीएम नरेंद्र मोदी से शुक्रवार को मुलाकात होनी है। आपको बता दें कि हाल ही में पार्टी एवं संघ के नेता लखनऊ पहुंचे थे और उन्होंने मुख्यमंत्री सहित विधायकों, मंत्रियों एवं उप मुख्यमंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर उनसे फीडबैक लिया। इन्ही सियासी सरगर्मियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दिल्ली पहुंच रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में गर्म हुआ अटकलों का बाजार
योगी आदित्यनाथ के अचानक दिल्ली दौरे को लेकर लखनऊ के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। वह दिन में 2:30 बजे लखनऊ के रवाना होकर 3:30 बजे स्टेट प्लेन से नई दिल्ली पहुंचेंगे। सीएम योगी शाम चार बजे गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। योगी कल सुबह 11 बजे पीएम आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा कल वो बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिल सकते हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव लेकर होगी चर्चा
कहा जा रहा है कि मोदी-शाह के साथ मुलाकात में यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी। इसके साथ ही यूपी संगठन और मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है। एके शर्मा को लेकर भी फैसला हो सकता है। बैठक में पंचायत चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन, आगामी विधानसभा चुनाव और वैक्सीनेशन आदि मुद्दे प्रमुख हैं। यूपी में वर्तमान में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर भी चर्चा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications