समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी की रिपोर्ट आई कोरोना संक्रमित, PGI में हुए भर्ती
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आने के बाद रामगोविंद चौधरी के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू हो गई है। वहीं, इससे पहले बदायूं से सपा के सांसद रहे धर्मेंद्र यादव भी कोरोना की चपेट में आ गए थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार को तबीयत खराब होने के बाद रामगोविंद चौधरी मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे। जहां उनका कोरोना टेस्ट हुआ था। टेस्ट रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें पीजीआई शिफ्ट किया जा रहा है। रामगोविंद चौधरी की गिनती समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में होती है। कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आने के बाद राम गोविंद चौधरी के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू हो गई है। उन्हें क्वारंटाइन किया जा सकता है।
धर्मेंद्र यादव भी कोरोना पॉजिटिव
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सपा नेता ने 12 जून की रात में बुखार आने के बाद कोरोना टेस्ट कराया था। इसके बाद 14 जून को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इलाज के लिए उन्हें सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, सपा सरकार में राज्यमंत्री रहे और विधायक शैलेंद्र यादव ललई कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। बुखार होने पर लखनऊ में उन्होंने 15 जून को अपनी जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट 16 जून को आई। दोपहर में उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी पोस्ट की।
यूपी में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण
उधर लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते दिख रहे हैं। उत्तर प्रदेश में सोमवार को 605 नए मरीज कोरोना से संक्रमित पाए गए है, इसे मिलाकर प्रदेश में अब कोरोना पीड़ितों की संख्या 18,442 हो गई है। इसके अलावा 19 की कोरोना से मौत हो गई है। अब तक प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 569 हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण से 606 मरीज ठीक हुए हैं, इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी 11 हजार पार कर 11,601 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications