राज्यसभा चुनाव में दो दिन का समय, सपा के विधायक बैठक से नदारद
लखनऊ। राज्यसभा के लिए होने वाले चुनाव ने उत्तर प्रदेश के सियासी पारे को बढ़ाकर रख दिया है। सभी पार्टियां अपने विधायकों पर पूरी नजर रख रही हैं कि वह दूसरी पार्टी के संपर्क में नहीं आये। राज्यसभा चुनाव में अब सिर्फ दो दिन का समय बचा है। 1 जून को होने वाले चुनाव के लिए मुलायम सिंह यादव ने भी बुधवार को पार्टी के विधायकों की बैठक बुलायी थी। लेकिन जिस तरह से कई विधायक इस बैठक से नदारद रहे उसने उनकी समस्या को बढ़ा दिया है।
यूपी के दंगल में मोदी-शाह की करीबी प्रीति महापात्रा का नया दांव

सपा मुखिया की बुलायी विधायकों की बैठक में एक दर्जन से भी अधिक विधायक नदारद रहे। विधायकों की गैरमौजूदगी पर मुलायम सिंह यादव ने सभी विधायको के नहीं आने की वजह भी पूछी। सभी गैरमौजूद विधायकों से बैठक में नहीं आने की वजह पूछा गया है। इन विधायकों को आज अपना जवाब देना है। यही नहीं सभी विधायकों को अगले तीन दिनों को हर रोज पार्टी के दफ्तर आने को कहा गया है।
सपा मुखिया ने सभी विधायकों को राज्यसभा चुनाव होने तक लखनऊ में रहने को ही कहा है। विधायकों की खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए खुफिया विभाग भी इनपर नजर रख रही है कि ये किससे मिल रहे हैं और कहां जा रहे हैं। बैठक में विधायकों को बताया गया कि चुनाव के दिन आखिरी बैठक में ही बताया जाएगा कि किसे वोट देना है।
इस बैठक में मुलायम सिंह यादव ने अपने अनुभव भी साझा किये। मुलायम सिंह की बुलायी इस बैठक में पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव और कैबिनेट मंत्री आजम खान नहीं आए। यूपी सरकार में मंत्री पारसनाथ यादव ने बताया कि आजम कल आ जायेंगे, हालांकि बैठक में नहीं आने की वजह वह खुद बता सकते हैं।
हाल ही में जिस तरह से नरेश अग्रवाल ने कहा था कि आरएलडी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है उसपर मुलायम सिंह खफा दिखे, उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। आपको बता दें कि आरएलडी ने सपा, कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया है। राज्यसभा के लिए सपा ने 7 उम्मीदवार जबकि एमएलसी के लिए कुल 8 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। राज्यसभा में जीत के लिए 34 वोट होने जरूरी हैं।












Click it and Unblock the Notifications