UP में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को क्या-क्या मिलेगा? प्रियंका ने जारी किया 'महिला घोषणा पत्र'
लखनऊ, 01 नवंबर: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट और छात्राओं को स्मार्ट फोन, स्कूटी देने का का वादा कर चुकी कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के लिए अलग से एक 'महिला घोषणा पत्र' तैयार किया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार की सुबह-सुबह इस घोषणा पत्र का ऐलान किया। प्रियंका गांधी ने कहा, ''उप्र की मेरी प्रिय बहनों, आपका हर दिन संघर्षों से भरा है। कांग्रेस पार्टी ने उसको समझते हुए आपके लिए अलग से एक महिला घोषणा पत्र तैयार किया है।''

Recommended Video
प्रियंका गांधी ने कहा- कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर...
कांग्रेस पार्टी 40% टिकट महिलाओं को देगी।
छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्कूटी देगी।
सालाना भरे हुए 3 सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे।
प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा मुफ्त।
आशा और आंगनबाड़ी की मेरी बहनों को प्रतिमाह 10,000 रू का मानदेय मिलेगा।
नए सरकारी पदों पर आरक्षण के प्रावधानों के अनुसार 40% पदों पर महिलाओं की नियुक्ति।
1000रू/प्रतिमाह वृद्धा-विधवा पेंशन।
उप्र की धरती की वीरांगनाओं के नाम पर प्रदेशभर में 75 दक्षता विद्यालय खोले जाएंगे।
इससे पहले प्रियंका गांधी गोरखपुर में प्रतिज्ञा रैली के दौरान योगी सरकार पर जमकर बरसीं थीं। प्रियंका ने कहा योगी सरकार जनता पर जम कर आग उगल रही है। निषादों के बारे में बोलते हुए प्रिंयका बोलीं, ''मैं कुछ महीने पहले प्रयागराज के बसवार गांव गई थी। वहां पुलिस ने निषादों की नाव को जला दिया था। नदी पर किसी का अधिकार है तो वो निषादों का है।''
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की राजनीति जनता को पीड़ा देने और जनता पर प्रहार करने की राजनीति है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जनता के लिए प्रगति और परिवर्तन की प्रतिज्ञाएं की हैं। 20 लाख सरकारी नौकरियां, किसानों का कर्ज माफ, गेहूं-धान का दाम 2500 और गन्ने का 400, 10 लाख तक मुफ्त इलाज। आर्थिक बदहाली दूर करने के लिए हर परिवार को 25000 रू की आर्थिक मदद, महिलाओं को 40 फीसदी टिकट और लड़कियों को स्मार्ट फोन और स्कूटी।












Click it and Unblock the Notifications