'दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है', वोट के बाद राजभर बोले- भारी मतों से जीतेंगी द्रौपदी मुर्मू
लखनऊ, 18 जुलाई: समाजवादी पार्टी से गठबंधन के साथी सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की बंपर जीत का दावा किया है। लखनऊ में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट देने के बाद मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा, ''दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर गुजरता है। द्रौपदी मुर्मू भारी मतों से चुनाव जीतेंगी।''

'द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक संख्या के साथ राष्ट्रपति चुनाव जीतेंगी'
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी लखनऊ में वोट डाला। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा, ''द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक संख्या के साथ राष्ट्रपति चुनाव जीतेंगी। सभी प्रतिनिधियों ने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया है। हर कोई उनका समर्थन कर रहा है।''
बता दें, देश के अगले राष्ट्रपति के लिए आज चुनाव हो रहे हैं। देशभर के 4,800 सांसद और विधायकों ने वोटिंग सुबह 10 बजे से शुरू कर दी है। मतदान शाम 5 बजे तक होगा। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के रिटायर होने के बाद एनडीए की तरफ से द्रौपदी मूर्मु और विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर यशवंत सिन्हा इस पद के लिए चुनावी मैदान में हैं। आंकड़ें द्रौपदी मूर्मु के पक्ष में है। चुनाव से ठीक एक दिन पहले विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने मीडिया के सामने अपील करते हुए कहा कि वो चाहते हैं कि भाजपा के उनके पुराने साथी उन्हें वोट करें।












Click it and Unblock the Notifications