अदनान सामी को नागरिकता तो पाक मुसलमानों को क्यों नहीं? मायावती का भाजपा से सवाल
लखनऊ। बीएसपी चीफ मायावती ने पाकिस्तान मूल के गायक अदनान सामी को भारत की नागरिकता और पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी मूल के गायक अदनान सामी को जब बीजेपी सरकार नागरिकता व पद्मश्री से भी सम्मानित कर सकती है तो फिर जुल्म-ज्यादती के शिकार पाकिस्तानी मुसलमानों को वहां के हिंदू, सिख, ईसाई आदि की तरह यहां नागरिकता कानून के तहत पनाह क्यों नहीं दे सकती है? मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार सीएए पर पुनर्विचार करे तो बेहतर होगा।

अदनान सामी को पद्मश्री मिलने पर विवाद
बता दें, अदनान सामी को पद्मश्री के दिए जाने की घोषणा होने के बाद से ही बयानबाजी का दौर जारी है। कांग्रेस ने इसे मोदी सरकार की चमचागिरी का फायदा तो एनसीपी ने 130 करोड़ भारतीयों का अपमान बताया है। वहीं, भाजपा ने इस मामले में पलटवार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की नागरिकता पर ही सवाल उठा दिया है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सामी को पद्मश्री देने पर खुशी जताई है।
अदनान का जवाब
कांग्रेस के एक ट्वीट पर अदनान सामी ने जवाब देते हुए कहा, प्यारे बच्चे, क्या आपको दिमाग क्लीयरेंस सेल से या सेकेंड हैंड नॉवेल्टी स्टोर से मिला है? क्या तुम्हें बर्कले में यही सिखाया गया है कि एक बेटा उसके माता-पिता के कामों के लिए जवाबदेह है या उसे सजा दी जानी चाहिए? और आप एक वकील हैं? लॉ स्कूल में क्या सीखा है? उन्होंने कहा है कि जो पद्मश्री को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, वो ऐसा सिर्फ अपनी हताशा को हवा देने के लिए कर रहे हैं। अदनान ने अपने पक्ष में बात रखते हुए कहा कि दूसरी सरकारों ने भी मुझे अवॉर्ड दिए।












Click it and Unblock the Notifications