mainpuri by election 2022 : सपा ने मैनपुरी से डिंपल यादव को बनाया प्रत्याशी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हुई है, जिसपर उपचुनाव हो रहे हैं। सपा ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है।सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि सभी पदाधिकारियों और नेताओं का मत था कि डिंपल यादव को चुनाव लड़वाया जाए। अब पार्टी उन्हें मजबूती से चुनाव लड़ाएगी और डिंपल यादव को रिकॉर्ड मतों से जीताकर लोकसभा भेजा जाएगा।

5 दिसंबर को होने हैं उपचुनाव
मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होने हैं। डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि पार्टी परिवारवाद से बाहर नहीं निकल सकती। यही नहीं भाजपा ने अब मैनपुरी में बीजेपी की जीत निश्चित होने का दावा भी कर दिया है। भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव परिवार में लड़ रहे हैं। जब तक मुलायम सिंह यादव थे तब तक मैनपुरी में उनका दबदबा था, लेकिन जब अब मुलायम सिंह नहीं रहे तो यह चुनाव बीजेपी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि डिंपल यादव कन्नौज और फिरोजाबाद से पहले भी हार चुकी हैं. अब एक बार फिर उन्हें मैनपुरी से हार मिलनी तय है। बता दें, डिंपल यादव 2019 में कन्नौज लोकसभा चुनाव में हार गई थीं, जबकि वह फिरोजाबाद से सांसद थीं।
मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ ही पांच राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर 5 दिसंबर को वोटिंग कराने का ऐलान किया गया था। हालांकि, सु्प्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग ने यूपी की रामपुर सदर विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना को रोक दिया है। आजम खान की सदस्यता रद्द होने के बाद रामपुर विधानसभा सीट खाली हुई थी। रामपुर से विधायक रहे आजम खान को अप्रैल 2019 में उनके खिलाफ दर्ज हेट स्पीच मामले में तीन साल की सजा सुनाए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें अयोग्य करार दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications