Lucknow Girl Case : कैब ड्राइवर ने बताया 22 थप्पड़ खाने के बाद भी क्यों नहीं उठाया हाथ, दिल जीत लेगी ये बात
लखनऊ, 10 अगस्त: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 30 जुलाई की रात लड़की के हाथों से 22 थप्पड़ खाने वाले कैब ड्राइवर सआदत अली का कहना है कि वह 25 थप्पड़ भी मारती तो खा लेते। सआदत से जब पूछा गया कि आपको गुस्सा नहीं आया, तो उन्होंने कहा कि मेरी मां ने मुझे लड़कियों पर हाथ उठाना नहीं सिखाया है। वो (प्रियदर्शिनी) जितने भी मार लेती, लेकिन मैं एक भी हाथ नहीं लगाता। सआदत ने कहा कि जबसे ये घटना हुई है वह कुछ भी ढंग से खा नहीं पाते हैं। उनकी मां रो रही हैं। 6 साल का बच्चा तक सवाल कर रहा है।

प्रियदर्शिनी के बाद पुलिस ने कैब ड्राइवर से की पूछताछ
लखनऊ के अवध चौराहे पर हुए थप्पड़कांड को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को प्रियदर्शिनी यादव को कृष्णानगर कोतवाली बुलाकर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए थे। इसमें उसने कहा कि पीड़ित ड्राइवर पर थप्पड़ बरसाते वक्त वो कंट्रोल में थी, वर्ना और थप्पड़ मारती। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने कैब ड्राइवर सआदत अली से पूछताछ की। पुलिस ने सआदत अली की गाड़ी को भी जांच के लिए भेजा है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?
लखनऊ के कृष्णानगर थानाक्षेत्र में बाराबिरवा चौराहे पर 30 जुलाई की रात 10 बजे युवती प्रियदर्शिनी यादव ने कैब ड्राइवर सआदत अली को बीच सड़क पर जमकर पीटा था। युवती ने ड्राइवर को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़े थे। इस दौरान वहां पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। घटना की वजह से जाम की स्थिति बन गई थी और लोगों की भीड़ लग गई थी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो युवती उनसे भी उलझ गई थी। यही नहीं, युवती ने उनमें से एक युवक को भी थप्पड़ जड़ दिया था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।

तीन पुलिसकर्मियों पर गिर चुकी है गाज
इस मामले में थाना इंचार्ज समेत उप निरीक्षक और चौकी इंचार्ज पर गाज गिर चुकी है। कृष्णानगर थाना इंचार्ज महेश दुबे, उपनिरीक्षक मन्नान और चौकी इंचार्ज भोला खेड़ा हरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया गया था। थाना इंचार्ज पर अपने उच्च अधिकारियों को मिसगाइड करने का आरोप है, जबकि चौकी इंचार्ज पर कैब ड्राइवर सआदत अली ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगा है। चौकी इंचार्ज और थाना इंचार्ज ने एक-दूसरे पर जानकारी न देने का आरोप लगाया। इस मामले की जांच एडीसीपी सेंट्रल जोन चिरंजीवी नाथ सिन्हा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications