शादीशुदा प्रेमी युगल ने जहर खाकर दी जान, बरेली से लखनऊ बयान दर्ज कराने ला रही थी पुलिस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस दोनों को बरेली से लखनऊ ला रही थी, इसी दौरान दोनों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्होंने बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया, लेकिन दोनों ने दम तोड़ दिया। बता दें, प्रेमी युगल के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज होने थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

महिला ने शादीशुदा बेटी को भगा ले जाने का लगाया था आरोप
लखनऊ के ठाकुरगंज की रहने वाली महिला ने कृष्णानगर पुलिस को एक तहरीर दी थी कि उनकी बेटी पारुल पहले से शादीशुदा है, उसकी ससुराल कृष्णानगर के स्नेहनगर में है लेकिन कृष्णा नगर के स्नेह नगर के रहने वाले शादीशुदा विकास सोनी उसकी बेटी पारुल को भगा ले गया है। इस मामले में पुलिस के केस दर्ज नहीं करने पर महिला ने कोर्ट की शरण ली थी।मामले में 14 अगस्त को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
बरेली से लखनऊ ला रही थी पुलिस
पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। इस बीच दोनों के बरेली में होने की बात पता चली। विकास और पारुल अपने एक रिश्तेदार के घर पर थे। 20 सितंबर को पुलिस की एक टीम दोनों को लेने पहुंची। पुलिस दोनों को अपनी अभिरक्षा में लखनऊ ला रही थी। रविवार की रात करीब साढ़े 12 बजे प्रेमी युगल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। जब पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। उन्होंने पुलिस से कहा, साथ जिएंगे साथ मरेंगे। तत्काल पुलिस दोनों को लेकर ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।
चार महीने से पति-पत्नी बनकर रह रहे थे दोनों
इस मामले में डीसीपी सेंट्रल सोमेंद्र वर्मा का कहना है कि वाहन में मृतक के सगे साले और साढू भी मौजूद थे। विकास और पारुल ने भागकर शादी कर ली थी, जिस पर लड़की के परिजनों ने लड़के के खिलाफ केस दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि दोनों चार माह से पति-पत्नी बनकर बरेली में रह रहे थे। मामले की जांच की जा रही है कि आखिर दोनों को जहरीला पदार्थ कैसे और कब मिला और कब दोनों ने जहर का सेवन किया।












Click it and Unblock the Notifications